NH10 में घायल शेरनी बनीं अनुष्का शर्मा
रब ने बना दी जोड़ी की चुपचाप सी अदाकारा कभी एनएच10 जैसी एक्शन ओरियेंटेड फिल्म भी करेगी ऐसा तो किसी ने सोचा भी नहीं था। एनएच10 में अनुष्का ने किसी घायल शेरनी से कम का अभिनय नहीं किया है। अनुष्का ने कुछ ऐसा किरदार निभाया कि जिसे देखकर उनके फैंस हैरान रह जाएंगे। गुस्सा, जुनून, आत्मसम्मान जैसे हर एक गहरे एहसास को अनुष्का ने अपने किरदार में उतारा है।
फिल्म की शूटिंग के दौरान अनुष्का को काफी चोटें भी आईँ लेकिन उन्होने उसकी भी चिंता नहीं की। फिल्म के दौरान आई मुश्किलों के बारे में बात करते हुए अनुष्का ने कहा "बहुत सारी खरोंचें काफी चोटें आई मुझे। शूट से आने के बाद जब मैं सोती थी और सुबह उठती थी तो मेरे शरीर पर कई खरोंचें होती थीं दर्द होता था। मुझे ये भी नहीं पता होता था कि ये मुझे कब लगीं। जब आप शूट कर रहे होतें हैं तो इतना ज्यादा खोये होते हैं कि आपको कुछ महसूस नहीं होता जब आप मेकअप उतारते हैं तभी सारा दर्द आपको महसूस होता है।"
लेकिन इसके बावजूद उनका मानना है कि वो फिल्म का पूरा श्रेय खुद को नहीं दे सकतीं। लोग भले ही उनके नाम से फिल्म देखने आ जाएं लेकिन जाते समय वो फिल्म के हर किरदार के बारे में बात करेंगे। "मेरी पॉपुलैरिटी की वजह से लोग फिल्म देखने आएंगे लेकिन फिल्म देखने बैठेंगे नहीं। क्योंकि ये कोई पॉपुलैरिटी कॉंटेस्ट नहीं है। जब लोग थियेटर में बैठेंगे तो उन्हें फिल्म की कहानी, आपका निर्देशन यही उन्हें दिखेगा और यही उन्हें रोक कर रखेगा।
"अगर एक्टर ये सोचने लगे कि उसकी वजह से सबकुछ हो रहा है, उसी की वजह से फिल्म को सफलता मिलेगी तो ये बहुत बड़ी गलतफहमी है। आपकी फिल्म जब अच्छी होती है तभी आप भी अच्छे होते हैं। इसलिये मुझे ज्यादा प्रेशर नहीं है क्योंकि मुझे पता है कि मेरी फिल्म अच्छी है।"


Click it and Unblock the Notifications
