अनुराग कश्यप का आदित्य चोपड़ा पर तंज, बोले- उन्हें गुफा में बैठकर हुक्म नहीं देना चाहिए
बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक अनुराग कश्यप बेबाकी से अपनी राय रखते हैं। कई मुद्दों पर वो अपनी राय रखते हैं और खुलकर बयान देते हैं। इन दिनों वो अपनी फिल्म 'दोबारा' के प्रमोशन के सिलसिले में व्यस्त हैं और इंटरव्यू दे रहे हैं। फ्लॉप हो रही फिल्मों पर उन्होंने कहा कि कोरोना काल में ओटीटी ने सब कुछ बदल दिया है और फिल्ममेकर्स को खुद समझ नहीं आ रहा है कि कौन सी फिल्म चलेगी और कौन सी नहीं।
यशराज बैनर की लगातार फ्लॉप हो रही बिग बजट फिल्मों पर भी अनुराग कश्यप ने अपनी राय रखी। 'जयेशभाई जोरदार', 'सम्राट पृथ्वीराज' और 'शमशेरा' के फ्लॉप होने पर Galatta Plus से बात करते हुए अनुराग कश्यप ने कहा है- 'यहां सिनेमा बड़े पैमाने पर उन लोगों द्वारा नियंत्रित किया जाता है जो दूसरी पीढ़ी के हैं। ट्रायल रूम में बड़े हुए। वो उसे जीते नहीं हैं। उनके रेफरेंस सिनेमा पर आधारित होते हैं। जो स्क्रीन पर नहीं है वह उनके लिए सिनेमा नहीं हो सकता।'

अनुराग कश्यप ने आगे कहा, 'यशराज बैनर के साथ भी ट्रायल रूम की समस्या है। आप एक कहानी लेते हैं और आप उससे 'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन' बनाना चाहते हैं और वह 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' बन जाती है। आप दूसरी कहानी लेते हैं और 'मैड मैक्स: फ्यूरी रोड' बनाना चाहते हैं लेकिन वो 'शमशेरा' बन जाती है। जब आप उस तरफ बढ़ते हैं तो आप खुद को धोखा दे रहे होते हैं, खासकर आज के वक्त में। वास्तविकता ये है कि दो-तीन साल पहले शमशेरा ने काम किया होता।'
अनुराग कश्यप ने आदित्य चोपड़ा के बारे में बात करते हुए इशारों-इशारों में कहा, 'एक आदमी गुफा में बैठता है जिसे बाहरी दुनिया से कोई लेना देना नहीं है।वो ये तय करता है कि कैसे फिल्ममेकर्स को फिल्म बनानी चाहिए।ऐसे में जाहिर है कि आप अपनी कब्र खोद रहे हैं। अगर आदित्य चोपड़ा कई लोगों को काम के लिए चुनते हैं तो उन्हें सशक्त बनाने की जरूरत है। उन्हें कंट्रोल करने, हुक्म चलाने, कास्टिंग को कंट्रोल नहीं करना चाहिए। किसी चीज को नियंत्रित करने की जरूरत नहीं है।'
फ्लॉप फिल्मों पर पहले बोले थे अनुराग कश्यप
फ्लॉप फिल्मों पर पिछले दिनों भी अनुराग कश्यप ने कहा था, 'समस्या ये है कि लोगों के पास पैसे नहीं हैं कि वो खर्च करें सिनेमा पर। उन्होंने कहा- 'पनीर पर तो जीएसटी लगा हुआ है। खाने की चीजों पर आप जीएसटी लगा रहे हो। उससे ध्यान हटाने के लिए ये बायकॉट का खेल होता है। लोग फिल्म देखने तब जाते हैं जब सुनिश्चित कर लेते हैं कि ये फिल्म अच्छी है या फिर वो सालों से उसका इंतजार कर रहे हैं।'
19 अगस्त को रिलीज होगी 'दोबारा'
उन्होंने ये भी कहा कि बॉलीवुड और क्रिकेट में लोगों को उलझा कर असली समस्या से लोगों का ध्यान हटा दिया जाता है। बॉलीवुड या क्रिकेट पर बातें करते रहो और देश की समस्या के बारे में कुछ पता ही नहीं चलेगा।' आपको बता दें कि अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी तापसी पन्नू स्टारर 'दोबारा' 19 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications











