अनुपम खेर ने शेयर की मां दुलारी का क्यूट सा वीडियो, मॉडल की तरह चलते हुए पूछा बहू किरण खेर का हाल
अनुपम खेर, काफी समय से अमरीका में थे जहां वो एक तरफ अपनी अगली फिल्म की शूटिंग कर रहे थे वहीं दूसरी तरफ अपने नाटक के शो कर रहे थे। भारत लौटते ही अनुपम खेर, अपनी मां दुलारी जी से मिलने गए और उनके लिए एक प्यारा सा तोहफा लेकर गए। अनुपम खेर ने उन्हें तोहफा देते हुए एक वीडियो भी अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया।
इस वीडियो में अनुपम खेर, अपनी मां को अमरीका से लाया हुआ बैग गिफ्ट कर रहे हैं। दुलारी जी, बैग से तो खुश हैं लेकिन बैग में केवल 500 का नोट देखकर खुश नहीं हुईं। उन्होंने अनुपम खेर से इसमें और पैसे डालने को कहा जिस पर अनुपम खेर ने जवाब दिया कि वो कैश लेकर चलते ही नहीं है।

इसके बाद अनुपम खेर ने अपनी मां से आग्रह किया कि वो इस बैग के साथ मॉडल्स की तरह चलकर दिखाएं तो दुलारी जी ने फटाक से उनकी चाहत पूरी कर दी और मॉडल्स की तरह चलने लगीं। साथ ही उन्होंने अनुपम खेर से पूछा सब ठीक है? मेरी किरण ठीक है? इस पर अनुपम खेर ने हंसते हुए जवाब दिया कि अब बैग के साथ एक्टिंग भी करोगे?

किरण खेर की तबीयत
गौरतलब है कि कुछ महीनों पहले ही किरण खेर की निधन की अफवाहों से सोशल मीडिया भरा पड़ा था। इसके बाद अनुपम खेर ने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी दी थी और सबसे हाथ जोड़कर विनती की थी कि ऐसी अफवाहों पर ना यकीन करें ना ही इन्हें आगे बढ़ाएं। किरण खेर को ब्लड कैंसर है और मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में उनका ईलाज चल रहा है। अनुपम खेर ने पहली बार किरण खेर की ये तस्वीर शेयर करते हुए सबको इस बात की जानकारी दी थी।

पिछले साल नवंबर में हुआ कैंसर
गौरतलब है कि किरण खेर काफी समय से खबरों से गायब थीं और ना ही किसी इवेंट में दिखाई दीं। वो चंडीगढ़ से भाजपा की सांसद हैं और वहीं रह कर अपनी ज़िम्मेदारियां निभाती हैं। नवंबर में किरण खेर अपने चंडीगढ़ वाले घर में गिर पड़ीं और उनका बायां हाथ टूट गया था। इसके बाद जब उनके टेस्ट हुए तो रिपोर्ट्स में पता चला कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा है जो ब्लड कैंसर का एक प्रकार है।

सिकंदर और अनुपम ने दी जानकारी
नवंबर में ही किरण खेर चंडीगढ़ से मुंबई आ गई थीं और मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में उनका ईलाज चल रहा था। लेकिन इस दौरान अनुपम खेर ने ये खबर किसी से नहीं बांटी। निधन की अफवाहें उड़ने के बाद अनुपम खेर ने बेटे सिकंदर के साथ मिलकर बयान जारी किया जिसमें उन्होंने बताया कि किरण खेर किरण खेर का ट्रीटमेंट चल रहा है और वो बेहतरीन डॉक्टर्स की निगरानी में हैं।

कोरोना ने बढ़ाई थी मुश्किलें
टाईम्स ऑफ इंडिया से एक बातचीत में अनुपम खेर ने बताया था कि किरण खेर खेर धीरे धीरे ठीक हो रही हैं लेकिन कीमोथेरेपी काफी मुश्किल होती है। किसी दिन वो बहुत पॉज़िटिव रहती हैं तो किसी दिन कीमोथेरेपी उनके मानसिक स्थिति को खराब कर देती है। अनुपम खेर ने साथ ही ये भी बताया था कि कोरोना के कारण ये ईलाज और मुश्किल हो गया। ऐसे मरीज़ ना कहीं बाहर जा सकते हैं, ना ही किसी से मिल सकते हैं। ऐसे में वो मानसिक रूप से तनावग्रस्त हो जाते हैं। उन्हें खुश रखने की पूरी कोशिश की जाती है लेकिन ये बहुत मुश्किल है।

फैन्स करते रहते हैं प्रार्थना
अनुपम खेर के दोस्त रॉबर्ट डी नीरो भी किरण खेर की तबीयत की जानकारी लेते रहते हैं। अनुपम खेर ने ये बात खुद एक इंटरव्यू में बताई। मशहूर अमरीकी एक्टर ने अनुपम खेर के साथ एक प्ले में काम किया और उसके बाद से दोनों में गहरी दोस्ती हो गई। किरण खेर टीवी पर अक्सर रियलिटी शो जज करते हुए दिख जाती थीं। फैन्स उनके जल्दी ठीक होकर टीवी पर वापसी करने की उम्मीद कर रहे हैं।

अनुपम खेर की मां दुलारी जी बहुत फेमस
बात करें, अनुपम खेर की मां दुलारी जी की तो उनके वीडियो, जब से अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करना शुरू किए हैं लोग उनकी मासूमियत के कायल हो गए। दुलारी जी फैन्स की फेवरिट हैं। हाल ही में अनुपम खेर ने खुलासा किया था कि उन्होंने खुद के लिए कभी कोई घर नहीं खरीदा और किराए के फ्लैट में ही रहते हैं लेकिन अपनी मां के लिए उन्होंने हाल ही में एक घर खरीदा। इस नए वीडियो में अनुपम खेर को दुलारी जी ये भी हैरानी से बताते हुए दिख रही हैं कि पता नहीं लोग उन्हें मास्क में भी कैसे पहचान लेते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











