अल्लू अर्जुन के बेस्ट एक्टर नेशनल अवार्ड जीतने से खुश नहीं हैं अनुपम खेर? कहा- 'मुझे अच्छा लगता अगर..'

Anupam Kher on National Film Awards: बीते दिन 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा हो चुकी है, जिसमें विवेक अग्निहोत्री की 'द कश्मीर फाइल्स' ने राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार जीता। वहीं, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता बने अल्लू अर्जुन फिल्म पुष्पा के लिए, जबकि सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवार्ड शेयर किया आलिया भट्ट और कृति सैनन ने।
विजेताओं की घोषणा के कुछ घंटों बाद, 'द कश्मीर फाइल्स' के मुख्य अभिनेता अनुपम खेर ने इस जीत पर खुशी जाहिर की। लेकिन, उन्होंने यह भी कहा कि यह बहुत अच्छा होता अगर उन्हें इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार भी मिलता।
खुशी होती यदि एक्टिंग के लिए अवार्ड मिलता
अनुपम खेर ने लिखा, "बहुत ही खुशी और गर्व कि बात है कि 'द कश्मीर फाइल्स' ने नेशनल अवॉर्ड जीता। फिल्म को राष्ट्रीय एकता पर बेस्ट फीचर फिल्म के लिए नरगिस दत्त अवॉर्ड मिला। एक एक्टर ही नहीं बल्कि फिल्म के एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर भी मैं इस फिल्म को मिली मान्यता से खुश हूं। मुझे और खुशी तब होती, अगर मुझे मेरी एक्टिंग के लिए भी अवॉर्ड मिलता। पर अगर सारी ख्वाहिशें पूरी हो जाएं तो आगे काम करने का मजा और उत्साह कैसे आएगा.चलिए! अगली बार...."
बता दें, द कश्मीर फाइल्स के लिए पल्लवी जोशी ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। बेस्ट एक्टर अवार्ड की बात करें तो सोशल मीडिया पर अल्लू अर्जुन के चयन को लेकर काफी हलचल मची है। जहां उनके फैंस उत्साहित हैं, वहीं एक वर्ग का मानना है कि बेस्ट एक्टर का अवार्ड विक्की कौशल (सरदार उधम) या सूर्या (जय भीम) को मिलना चाहिए था।


Click it and Unblock the Notifications











