अनुपम खेर - नीना गुप्ता की अगली फिल्म का पोस्टर जारी, करियर की 519वीं फिल्म शिव शास्त्री बाल्बोआ
अनुपम खेर और नीना गुप्ता, दो मंझे हुए कलाकार, एक साथ बड़े परदे पर दिखाई देने जा रहे हैं। अनुपम खेर और नीना गुप्ता एक नई फैमिली ड्रामा में दिखाई देंगे जिसका नाम है शिव शास्त्री बाल्बोआ। फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं अजयन वेणुगोपालन और अनुपम खेर और नीना गुप्ता ने फिल्म का पोस्टर भी शेयर किया।
अनुपम खेर ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि ये उनकी 519वीं फिल्म है। उन्होंने बताया कि फिल्म में बेहतरीन कलाकारों के साथ काम करने में उन्हें काफी मज़ा आया।

साथ ही नीना गुप्ता ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि अनुपम जी के साथ सालों बाद काम करके काफी मज़ा आया। अनुपम खेर और नीना गुप्ता दोनों ही नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के स्टूडेंट्स रहे हैं। शिव शास्त्री बाल्बोआ, अमरीका के एक छोटे से शहर में रह रहे एक भारतीय की कहानी है।
बात करें फिल्मों की तो अनुपम खेर आखिरी बार द एक्सीडेंट प्राईम मिनिस्टर में मनमोहन सिंह के किरदार में दिखाई दिए थे वहीं नीना गुप्ता, अर्जुन कपूर के साथ सरदार का ग्रैंडसन में दिखाई दी थीं।

37 साल का करियर
गौरतलब है कि 2021 मई में अनुपम खेर ने अपने करियर के 37 साल पूरे कर लिए हैं। अनुपम खेर ने अपने करियर की शुरूआत सारांश नाम की फिल्म से की थी और अपनी पहली ही फिल्म में उन्होंने एक बूढ़े आदमी का रोल किया था जो अपने बेटे के निधन के बाद अपने हक के लिए सिस्टम से लड़ता दिखाई देता है।

ढेरों अवार्ड्स किए हैं नाम
अपने 37 साल के करियर में अनुपम खेर ने कई अवार्ड्स अपने नाम किए हैं। 29 साल की उम्र में डेब्यू के साथ ही उन्हें उनका पहला फिल्मफेयर अवार्ड मिल गया था। 500 से ज़्यादा फिल्में करने वाले अनुपम खेर ने अपने करियर में दो नेशनल अवार्ड और 8 फिल्मफेयर अवार्ड जीते हैं।

निजी ज़िंदगी में उतार चढ़ाव
अनुपम खेर ने हाल ही में अपनी निजी ज़िंदगी में भी कठिन दिन देखे हैं। उनकी पत्नी किरण खेर, कैंसर से लड़ रही हैं जिसका ईलाज चल रहा है। अनुपम खेर, किरण खेर के साथ ही मज़बूती से खड़े दिखाई दिए। इस बीच वो अपने थिएटर के सिलसिले में अमरीका में आते जाते रहे हैं।

नीना गुप्ता का कमबैक
नीना गुप्ता का कमबैक कुछ सालों पहले हुआ जब उन्होंने खुलकर फेसबुक पर डायरेक्टर्स से काम मांगा और अपनी काबिलियत बताई। नीना गुप्ता, बधाई हो में मुख्य भूमिका में दिखाई दीं। इस फिल्म के लिए उन्होंने ढेरों अवार्ड्स अपने नाम किए। वहीं फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस क्रिटिक्स की ट्रॉफी भी अपने नाम की।

जीत चुकी हैं नेशनल अवार्ड
नीना गुप्ता ने अपनी पहली ही फिल्म के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवार्ड जीता था। हाल ही में उनकी किताब सच कहूं तो, करीना कपूर खान ने लॉन्च की है। इस किताब में नीना गुप्ता ने अपने जीवन की सारी उपलब्धियों के साथ ही सारी गलतियों का भी ज़िक्र किया है।

फिल्मों में हैं बिज़ी
आजकल नीना गुप्ता, अपनी बेटी मसाबा गुप्ता के साथ मसाबा मसाबा का दूसरा सीज़न शूट कर रही हैं। वहीं उनकी झोली में अमिताभ बच्चन के अपोज़िट विकास बहल की फिल्म गुडबाय और ग्वालियर नाम की एक और फिल्म है।


Click it and Unblock the Notifications











