तापसी पन्नू की अगली फिल्म की घोषणा- 'थप्पड़' के साथ फिर सामने आई ये दमदार जोड़ी!
मुल्क और आर्टिकल 15 जैसी दमदार विषय प्रधान फिल्मों के बाद अनुभव सिन्हा अपनी अगली फिल्म की तैयारी में लग चुके हैं। खास बात है कि मुल्क के बाद.. एक बार फिर निर्देशक तापसी पन्नू से जुड़ रहे हैं। तापसी ने ट्विटर पर एक तस्वीर के साथ इस फिल्म की जानकारी दी। साथ ही बताया कि यह फिल्म 8 मार्च 2020 को रिलीज होने वाली है। फिल्म का नाम है- थप्पड़।
फिल्म के बारे में लिखते हुए तापसी ने ट्विट किया- ''अच्छे खाने के साथ होगी नई शुरुआत। यह कहानी मेरे दिल के बहुत करीब है। मैं कई सालों से इस तरह के रोल को निभाने के लिए बेकरार थी। अनुभव सिन्हा के साथ एक बार फिर काम करना बहुत अच्छा होगा। 8 मार्च 2020 के दिन रिलीज के लिए तैयार है..'

बता दें, 8 मार्च को महिला दिवस मनाया जाता है.. यानि की यह साफ है कि फिल्म महिलाओं से जुड़ी कोई कहानी कहेगी। 'थप्पड़' की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है। जिसके चलते मेकर्स ने इस फिल्म का नाम 'थप्पड़' रखने के निर्णय लिया। फिल्म की शूटिंग इस साल अगस्त के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।
कोई शक नहीं कि यह फिल्म काफी शानदार होने वाली है। अनुभव सिन्हा के साथ तापसी की पिछली फिल्म मुल्क को काफी सराहना मिली थी। फिल्म ने कई अवार्ड भी अपने नाम किये थे। लिहाजा, इस फिल्म से भी वैसी उम्मीदें लगा सकते हैं।
तापसी की बात करें तो फिलहाल 15 अगस्त को अक्षय कुमार के साथ उनकी फिल्म 'मिशन मंगल' रिलीज होने वाली है। जबकि 25 अक्टूबर को आएगी 'सांड की आंख', जिसमें तापसी के साथ भूमि पेडनेकर मुख्य किरदार में हैं।


Click it and Unblock the Notifications