अनिल कपूर ने कुछ फिल्में सिर्फ पैसों के लिए की- किया खुलासा, 'आर्थिक तंगी से गुजर रहा था परिवार'
अनिल कपूर पिछले 4 दशकों से फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमा रहे हैं। उन्होंने तमाम उतार- चढ़ाव देखे हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेता ने खुलासा किया कि करियर में इतने सफल होने के बावजूद उनकी जिंदगी में भी एक वक्त ऐसा आया था जब उन्होंने सिर्फ पैसों के लिए फिल्मों में काम किया।
अपने अभिनय, फिटनेस और लुक्स को लेकर अनिल कपूर हमेशा फिल्ममेकर्स की पहली पसंद बने रहे हैं। आज भी वह साल में दो से तीन फिल्मों में नजर आ जाते हैं। हालिया रिलीज फिल्म Ak vs Ak में उनके काम की खूब सराहना की गई थी।

अपनी फिल्मों के बारे में टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए अनिल कपूर ने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में उनका परिवार आर्थिक तंगी से गुज़र रहा था इसलिए उन्होंने कुछ फिल्में सिर्फ पैसों के लिए साइन कीं और इस बात का उन्हें कोई अफसोस नहीं है।
उन्होंने कहा, "मैंने अंदाज और हीर रांझा जैसी फिल्मों में पैसे के लिए ही एक्टिंग की थी। 'रूप की रानी चोरों का राजा' फिल्म के बाद मेरा परिवार आर्थिक संकट में था। ऐसे में मैंने परिवार को बचाने के लिए कुछ फिल्मों को साइन किया।"
अनिल कपूर ने कहा कि यह मेरे लिए खुशी की बात है कि उस संकट से मैं उबर सका और फिर जिंदगी में कभी उस तरह का कठिन दौर नहीं आया। उन्होंने कहा, मैं और मेरा परिवार खुशनसीब हैं कि वो वक्त अब पीछे छूट गया। लेकिन आगे कभी भी मेरे या मेरे परिवार के सामने फिर ऐसी कोई परेशानी आई तो कुछ भी काम करने से नहीं हिचकिचाऊंगा। मैं अपने परिवारा का ख्याल रखने के लिए कुछ भी करूंगा।
बता दें, 1993 में रिलीज हुई फिल्म 'रूप की रानी चोरों का राजा' लंबे इंतजार के बाद रिलीज हो पाई थी.. और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही थी। अनिल कपूर और श्रीदेवी स्टारर इस फिल्म के निर्माता बोनी कपूर थे।


Click it and Unblock the Notifications
