30 सालों के बाद साथ आएगी 'राम लखन' जोड़ी- क्राइम कॉमेडी फिल्म में होगा धमाका
राम लखन, कर्मा, परिंदा जैसी फिल्मों में साथ दिख चुके कमाल के एक्टर्स अनिल कपूर और जैकी श्राफ एक बार फिर साथ आने वाले हैं। जी हां, 30 सालों के बाद ये दो सितारे सुभाष घई की फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। फिल्म का नाम होगा 'रामचंद किशनचंद', जिसे सुभाष घई प्रोड्यूस करने वाले हैं। यह एक क्राइम- कॉमेडी फिल्म होगी, जिसमें दो 50 साल के ऐसे पुलिस वालों की कहानी है, जो अपने कारनामों से लोगों को हंसाएंगे।
रिपोर्ट्स की मानें तो ये फिल्म कुछ ही महीनों में फ्लोर पर जाने वाली है। फिलहाल फिल्म के आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। खास बात है कि इन दो सितारों की सबसे मशहूर फिल्म 'राम लखन' का निर्देशन भी सुभाष घई ने ही किया था। जहां दोनों पुलिस अफसर के किरदार में नजर आए थे।

सुभाष घई ने लंबे समय से किसी फिल्म का निर्देशन नहीं किया है। इस फिल्म से वह बतौर प्रोड्यूसर तो जुड़े हैं, लेकिन निर्देशन वह करेंगे या नहीं, यह फिलहाल फाइनल नहीं हो पाया है। यदि शूटिंग समय पर शुरु हो गई तो यह फिल्म 2020 की शुरुआत में रिलीज हो सकती है।
जाहिर है अनिल कपूर और जैकी श्राफ को साथ देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित होंगे। फिलहाल दोनों सितारे अलग अलग फिल्मों में व्यस्त हैं। जैकी श्राफ को हाल ही में सलमान खान की फिल्म भारत में हमने देखा.. जबकि अनिल कपूर अनीस बज्मी की अगली फिल्म 'पागलपंती' में नजर आने वाले हैं।


Click it and Unblock the Notifications











