"मैंने कार्तिक आर्यन को कभी किसी फिल्म के लिए साईन ही नहीं किया" - आनंद एल राय
कार्तिक आर्यन को आनंद एल राय की फिल्म से रिप्लेस करने की खबरों पर आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस कलर यलो प्रोडक्शन्स ने पहले ही इन खबरों का खंडन करते हुए कहा था कि हम कार्तिक से फिल्म के लिए मिले थे और फिल्म पर बातचीत जारी है। अब आनंंद एल राय ने भी टाइम्स ऑफ इंडिया से एक बातचीत में कार्तिक आर्यन की साईन की हुई इस फिल्म और उनके रिप्लेस किए जाने पर बात की।
इस बातचीत में आनंद एल राय ने साफ कहा - "मैंने कार्तिक आर्यन को कभी किसी फिल्म के लिए साईन किया ही नहीं। और इन सारी रिपोर्ट्स का कोई आधार ही नहीं है। मुझसे बहुत सारे एक्टर्स मिलने आते हैं, इसका मतलब ये नहीं कि सबने फिल्म साईन कर ली।"

गपशप गली में खबरें थीं कि करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स की दोस्ताना 2 और शाहरूख खान की रेड चिलीज़ इंटरटेनमेंट की फ्रेडी हाथ से निकल जाने के बाद अब कार्तिक आर्यन को आनंद एल राय की अगली फिल्म से भी निकाल दिया गया है। ये फिल्म एक गैंगस्टर ड्रामा थी और अब फिल्म में कार्तिक की जगह आयुष्मान खुराना को लेने की खबरें हैं।
हालांकि कुछ और रिपोर्ट्स का मानना है कि कार्तिक आर्यन की आनंद एल राय के साथ तमिल फिल्म कल्याण समयल सादम के रीमेक की बातचीत चली थी जो कि एक रोमांटिक कॉमेडी थी। इसी सिलसिले में कार्तिक, फरवरी में आनंद एल राय के ऑफिस के बाहर देखे गए थे। अब इस प्रोजेक्ट से कार्तिक का नाम कैंसिल होने की खबरें आ रही हैं।

खबरों में हैं कार्तिक आर्यन
गौरतलब है कि आजकल कार्तिक आर्यन लगातार खबरों में हैं और ये खबरें ज़्यादातर तब से ही आना शुरू हुईं जब से धर्मा प्रोडक्शन्स ने एक सार्वजनिक बयान देते हुए कहा कि कार्तिक आर्यन अब दोस्ताना 2 का हिस्सा नहीं है और इसके कारण पर वो एक सम्मानजनक चुप्पी बनाए रखना चाहेंगे।

उड़ने लगी अफवाहें
इसके बाद अफवाहें उड़ने लगीं कि धर्मा प्रोडक्शन्स ने कार्तिक आर्यन को गैर - ज़िम्मेदाराना होने के लिए फिल्म से बाहर किया। खबरें थीं कि करण जौहर काफी समय से दोस्ताना 2 के लिए कार्तिक की डेट्स का इंतज़ार कर रहे थे लेकिन कार्तिक ने ये डेट राम माधवानी की फिल्म धमाका को दे दी। जो कि फटाफट बनकर तैयार भी हो गई।

जान्हवी को बदलने की अफवाहें
वहीं कुछ अफवाहों का ये भी मानना था कि जान्हवी कपूर और कार्तिक आर्यन के बीच कुछ अनबन होने के बाद कार्तिक आर्यन, जान्हवी कपूर के साथ शूट ही नहीं करना चाहते और इस वजह से वो लगातार शूट टाल रहे थे। इतना ही नहीं, कार्तिक चाहते थे कि जान्हवी को फिल्म से बदल दिया जाए।

साथ में छुट्टियां बिताईं
कार्तिक आर्यन और जान्हवी कपूर दोस्ताना के सेट पर काफी अच्छे दोस्त बन गए थे और दोनों के डेट करने की अफवाहें भी उड़ रही थीं। इन अफवाहों की आग में घी का काम किया, कार्तिक और जान्हवी की एक साथ मनाई गई छुट्टियां। उनकी ट्रिप की तस्वीरें कई जगह वायरल हुई।

बेहद खुश थे फैन्स
कुछ ही महीनों पहले जब फैन्स ने कार्तिक आर्यन को आनंद एल राय के साथ उनके ऑफिस के बाहर देखा था तो कार्तिक के फैन्स बेहद खुश थे। आनंद एल राय, बॉलीवुड के सबसे बड़े डायरेक्टर्स में से एक हैं और उनके साथ काम करना, कार्तिक के करियर के लिए बेहद शानदार अचीवमेंट होता।

कैटरीना के साथ रिजेक्ट की
हाल ही में खबरें आईं कि दोस्ताना 2 के बाद कार्तिक आर्यन को शाहरूख खान की रेड चिलीज़ इंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही फिल्म फ्रेडी से भी बाहर कर दिया गया है। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन, कैटरीना कैफ के अपोज़िट दिखाई देने वाले थे।

खुद हुए बाहर
लेकिन फिर ये साफ हुआ कि कार्तिक आर्यन ये फिल्म, दोस्ताना 2 से बाहर होने से कुछ महीनों पहले ही छोड़ चुके थे। कार्तिक के फिल्म की टीम के साथ क्रिएटिव मनमुटाव हो गए थे जिसके बाद उन्होंने अपना 2 करोड़ का साईनिंग अमाउंट भी लौटा दिया था।

साजिद नाडियाडवाला
इन सबके बीच में खबरें थीं कि कार्तिक आर्यन लगातार साजिद नाडियाडवाला से एक फिल्म की गुज़ारिश कर रहे हैं। कार्तिक की ये दरख्वास्त पूरी हुई या नहीं हुई ये तो अब तब ही पता चल पाएगा जब नाडियाडवाला प्रोडक्शन्स कोई आधिकारिक अनाउंसमेंट करेगा।

फैन्स हमेशा साथ
कार्तिक आर्यन के इस तरह निगेटिव खबरों में रहने के बाद इंडस्ट्री उन के बारे में राय देने पर दो हिस्सों में बंट गई है। इंडस्ट्री और मीडिया का एक बड़ा वर्ग ऐसा मान रहा है कि ये सब कार्तिक पर प्लान किया हुआ अटैक है जिसे कार्तिक बेहद ही समझदार तरीके से डील कर रहे हैं।

धमाका की तैयारी
एक तरफ जहां कार्तिक आर्यन, अपने सोशल मीडिया के ज़रिए, अपने फैन्स से जुड़े हुए हैं वहीं दूसरी तरफ वो अपनी अगली फिल्म धमाका के रिलीज़ होने का इंतज़ार कर रहे हैं। राम माधवानी स्टारर ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होगी।


Click it and Unblock the Notifications












