बीमा कंपनी में पत्नी से हुई मुलाक़ात, एक्टिंग के लिए छोड़ी सरकारी नौकरी, फिर बने बी-टाउन के मोगैंबो!
Amrish Puri Love Story: अमरीश पुरी हिंदी सिनेमा के एक दिग्गज कलाकार रह चुके हैं। उन्होंने अपने करियर में 400 से भी ज्यादा फ़िल्में और 60 से भी ज्यादा नाटक में काम किया। उनका जन्म 22 जून 1932 में पंजाब के नवांशहर में हुआ था। उनका पूरा नाम अमरीश लालपुरी था।

लेकिन जब भी बॉलीवुड इंडस्ट्री में विलेन की बात आती है तो शोले में गब्बर के बाद हमेशा अमरीश पुरी यानी कि मोगैंबो का ही नाम लिया जाता है। बहुत कम लोगों को पता है कि अमरीश पुरी ने 40 साल की उम्र के बाद फिल्म इंडस्ट्री में काम करना शुरू किया था।
अमरीश पुरी के शादी के खिलाफ था पूरा परिवार
अमरीश पुरी फिल्मों में आने से पहले एक बीमा कंपनी और रोजगार मंत्रालय में काम किया करते थे। यहीं पर एक्टर की मुलाकात उनकी पत्नी उर्मिला दिवेकर से हुई थी। पहले ही मुलाकात में दोनों एक दूसरे पर अपना दिल हार बैठे।
अमरीश पुरी के पोते वर्धन पुरी ने एक इंटरव्यू के दौरान अमरीश पुरी की लव लाइफ को लेकर बात भी की थी। उर्मिला दक्षिण भारतीय थी और वही अमरीश पुरी पंजाबी हुआ करते थे। इसी के चलते दोनों के परिवारों को इस प्यार के सिलसिले के बारे में जब पता चला तो उनको यह रिश्ता मंजूर नहीं था। लेकिन दोनों ने अपने परिवारों को मनाया और सब की सहमति के साथ 1957 में शादी की।
एक्टिंग के लिए छोड़ दी थी सरकारी नौकरी
शादी के बाद अमरीश पुरी और उनकी पत्नी उर्मिला साथ में नौकरी किया करते थे। लेकिन अमरीश पुरी पहले से ही एक्टिंग के दीवाने थे और वह थिएटर करना भी बहुत पसंद करते थे। उन्होंने कर्मचारी बीमा निगम में 21 साल तक क्लर्क के तौर पर भी काम किया। एक्टिंग के लिए उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी छोड़ दी और थिएटर करने लग गए थे।
जिसके चलते अमरीश पुरी के घर का पूरा खर्चा उनकी पत्नी उर्मिला अपनी नौकरी से निकालती थी। अमरीश पुरी ने एक इंटरव्यू के दौरान खुद इस बारे में बात करते हुए बताया था कि उनकी पत्नी असली हीरो है। जब वह बॉलीवुड में स्ट्रगल कर रहे थे तो उनकी पत्नी ओवरटाइम काम किया करती थी। अमरीश पुरी के पोते वर्धन पुरी बताते हैं कि उनके दादा हमेशा यही कहा करते थे कि "मैं हीरो बनूं या न बनूं लेकिन इस घर की हीरो तो मेरी बीवी ही रहेगी।"


Click it and Unblock the Notifications