एक और सम्मान

हिंदी फिल्म जगत में 40 वर्ष पूरे करने पर सदी के महानायक अभिनेता अमिताभ बच्चन को सोमवार की शाम एशियन फ़िल्म फाउंडेशन द्वारा एशियाई फिल्म संस्कृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया .
अपनी हालिया प्रदर्शित फिल्म पा से और ज्यादा तारीफ़ हासिल कर रहे बिग बी को ये पुरस्कार मशहूर निर्माता-निर्देशक रमेश सिप्पी ने प्रदान किया. इस मौके पर एशियन फ़िल्म फेस्टिवल के अध्यक्ष किरन शांताराम और एशियन फिल्म फेस्टिवल के निदेशक सुधीर नंदगांवकर भी उपस्थित थे.
निर्देशक रमेश सिप्पी से पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा, “भारतीय सिनेमा विभिन्न जातियों, धर्मो, संप्रदायों, संस्कृतियों और भाषाओं के बीच एकजुटता पैदा करने वाली एक ताकत बन गया है. जिस तरह से अमरीका अपनी फिल्मों के जरिए भी पूरी दुनिया में अपना स्थान बना सकता है ठीक उसी तरह से मेरा ये मानना है कि भारत शायद दुनिया में सबसे ज़्यादा फिल्मों का निर्माण करता है और हम भी उस तरह का मुक़ाम हासिल कर सकते हैं.”
अमिताभ बच्चन ने कहा कि भारतीय फिल्मों ने हमेशा देश को जोड़ने का काम किया है. उन्होंने कहा, “मैं कह सकता हूं कि हिंदी फिल्मों ने लोगों के बीच सौहार्द्र बढ़ाने का किया है.”
इससे पहले अमिताभ को ढेरों सारे पुरस्कार मिल चुके हैं जिनमें मुख्य रुप से तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ ही बारह फ़िल्मफेयर पुरस्कार भी शामिल है.
साथ ही उन्हें बीबीसी न्यूज़ पोल द्वारा सदी के महानायक का ख़िताब भी हासिल हो चुका है.
वो अकेले ऐसे अभिनेता हैं जिनका नाम सबसे ज्यादा बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के तौर पर नामांकित किया गया है, ऐसे में अब एशियाई फिल्म संस्कृति पुरस्कार जीतकर उन्होंने अपने नाम एक और उपलब्धि कर ली है.
महोत्सव
चार से 10 दिसंबर तक चलने वाले आठवें एशियाई फिल्म महोत्सव में 24 एशियाई देशों की 75 फिल्मों के प्रदर्शन का कार्यक्रम है.
एशियाई फिल्म महोत्सव एशिया की फिल्मों और इससे जुड़े हुए लोगों को एक साथ प्रस्तुत करने का काम करती है, इसके साथ ही ये पुरस्कार हर साल सिनेमा से जुड़ी किसी मशहूर एशियाई हस्ती को प्रदान किया जाता है और ये इसका आठवां साल है. इस अवसर पर अमिताभ बच्चन के पुत्र अभिनेता अभिषेक बच्चन भी उपस्थित थे.


Click it and Unblock the Notifications