अपने परिवार के साथ जन्मदिन मनाएंगे अमिताभ बच्चन

बॉलीवुड की लगभग 200 फिल्मों में अभिनय करने वाले और चार बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके अमिताभ बच्चन ने मुम्बई से फोन पर बताया, "मैं अपने घर में रहूंगा और जन्मदिन परिवार के सदस्यों के साथ मनाऊंगा।"
अमिताभ के पुत्र और बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन और बच्चन परिवार की बहु ऐश्वर्या राय इस समय दक्षिण कोरिया में हैं लेकिन वह जन्मदिन मनाने के लिए समय से भारत पहुंच जाएंगे। बॉलीवुड में 'बिग बिग' के नाम से मशहूर अमिताभ ने अभी एक महीने पहले ही 'एबी कार्पोरेशन' की फिल्म 'पा' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था।
ऐसी खबरें आ रही थीं कि अपने जन्मदिन के मौके पर अमिताभ एक शानदार पार्टी देने वाले हैं लेकिन इस बारे में अमिताभ ने कहा, "जन्मदिन के मौके पर विशेष पार्टी के आयोजन की खबरें गलत हैं।"
उल्लेखनीय है कि सोनी टीवी के मशहूर रिएलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का चौथा संस्करण भी सोमवार से ही शुरू हो रहा है।
अमिताभ ने कहा, "मुझे इस बारे में नहीं पता कि चैनल मेरे लिया क्या करेगा। वे मुझसे एक केक कटवाना चाहते हैं या फिर कुछ और क्योंकि वह मेरे जन्मदिन का एक हिस्सा होंगे। मैं वहां एक केक काट सकता हूं या कुछ और हो सकता है।" अमिताभ कहते हैं, "सामान्य तौर पर मैं घर में रहूंगा और परिवार वालों से मिलूंगा और यदि ऐसे लोग जो मुझे देखने के लिए आना चाहते हैं, तो मैं उनसे जरूर मिलूंगा।"


Click it and Unblock the Notifications