कान्स फिल्मोत्सव में साथ-साथ दिखेंगे अमिताभ व रजनीकांत
मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और तमिल एवं हिंदी फिल्मों के अभिनेता रजनीकांत मई में होने वाले कान्स अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव में शिरकत करेंगे।
अमिताभ यहां अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म 'द ग्रेट्स गैट्सबाय' पेश करेंगे जबकि रजनीकांत अपनी नई तमिल फिल्म 'कोचाडैयान' की झलकियां पेश करेंगे। फिल्म के सह निर्माता मुरली मनोहर ने रजनीकांत की उपस्थिति की पुष्टि की।

मनोहर ने कहा, "भारतीय सिनेमा के लिए यह बहुत यादगार पल होगा। 'कोचाडैयान' को लेकर रजनीकांत बच्चे की तरह उत्साहित हैं। तकनीकी तौर पर यह फिल्म भारतीय सिनेमा को नए स्तर तक ले जाएगी। रजनीकांत ने अपने करीबी मित्रों को इसकी कुछ झलकियां दिखाई हैं। एक दिन ए. आर.रहमान ने इन झलकियों को देखा और बेहद प्रभावित हुए।"
उन्होंने बताया कि 'कोचाडैयान' की शूटिंग जुलाई में पूरी होगी। इसे रिलीज करने की तारीख मई के अंत में तय की जाएगी।
लंबी दूरी की यात्रा के लिए डॉक्टरों द्वारा मना किए जाने के बावजूद 62 वर्षीय रजनीकांत ने कान्स फिल्मोत्सव में शिरकत करने का मन बना लिया है। फिल्मोत्सव 15 मई को शुरू होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications