पोलियो उन्मूलन में लगे अमिताभ!
पोलियो उन्मूलन अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके बॉलीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के एक बार फिर इस अभियान में शामिल होने की उम्मीद है।
यूनिसेफ के सद्भावना दूत अमिताभ कहते हैं कि संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने एक बार फिर उनसे पोलियो उन्मूलन अभियान में मदद देने के लिए कहा है।
सोमवार रात अमिताभ ने अपने ब्लॉग 'डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट बिग बी डॉट बिग अड्डा डॉट कॉम' पर लिखा, "मैंने पोलियो उन्मूलन के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अथक काम किया है। संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने यहां मुझसे मुलाकात की और मेरी सेवाएं लेने पर विचार-विमर्श किया। बच्चों के फायदे के लिए हम लोग किस तरह साथ में काम कर सकते हैं, इस बारे में हमने बातचीत की।"
अमिताभ 2002 से पोलियो उन्मूलन अभियान से सक्रियता से जुड़े हुए हैं। अप्रैल 2005 में उन्हें एचआईवी/एड्स और पोलियो उन्मूलन कार्यक्रमों के लिए आधिकारिक तौर यूनिसेफ का सद्भावना दूत नियुक्त किया गया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय व यूनिसेफ ने इस साल जनवरी में सामाजिक एवं ग्रामीण अनुसंधान संस्थान से एक अध्ययन कराया था जिसमें स्पष्ट हुआ कि निम्न सामाजिक-आर्थिक श्रेणी के जो अभिभावक अपने पांच साल से कम उम्र के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने ले जाते हैं उनमें से 73.6 प्रतिशत अभिभावकों को अमिताभ का भूमिका वाला पोलियो उन्मूलन संबंधी टेलीविजन विज्ञापन याद था।
अमिताभ के साथ उनकी पत्नी जया, बहू ऐश्वर्या राय और क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर भी इस अभियान में शामिल रहे हैं लेकिन देश में, ग्रामीण और शहरी, दोनों ही क्षेत्रों में अमिताभ की वजह से इस विज्ञापन को ज्यादा याद किया जाता है।


Click it and Unblock the Notifications