राजनीति मेरे बस की नहीं: अमिताभ
फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में भी किस्मत आजमा चुके बॉलीवुड के शहंशाह और पूर्व सांसद अमिताभ बच्चन का कहना है कि वह राजनीतिक के लिए उपयुक्त नहीं थे इसलिए वह इस पेशे से अलग हो गए।
अपने ब्लॉग 'डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट बिगअड्डा डाट कॉम' में अमिताभ ने इस विषय में चर्चा की है। उन्होंने इस विषय में लिखा, "कई लोग मुझसे पूछते है, आपने राजनीति में कदम क्यों रखा और आपने राजनीति क्यों छोड़ दी। दरअसल राजनीति मेरे लिए उपयुक्त काम नहीं था।"
बॉलीवुड शहंशाह ने कहा है कि उन्होंने राजनीति में अपने प्रिय मित्र और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कहने पर कदम रखा था। अमिताभ अपने पैतृक शहर इलाहाबाद से 1984 में लोकसभा का चुनाव लड़े थे और भारी बहुमत से विजयी हुए थे, लेकिन वह एक सफल राजनीतिज्ञ के रूप में अपनी पहचान बनाने में नाकाम रहे।
ब्लॉग में अमिताभ ने लिखा,"राजनीति की दुनिया बहुत जटिल है, जहां अगर आप इस खेल को खेलने में असमर्थ हैं तो आप लोगों के बीच एक नौसिखिया और एक अजनबी साबित होंगे। राजनीति एक बहुत ही कठिन काम है।" बच्चन इस वक्त सिंगापुर में हैं जहां उनके दोस्त और समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह का गुर्दा प्रत्यारोपित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











