जन्मदिन पर अस्पताल में बिग बी

शनिवार को अमिताभ बच्चन 66 वर्ष के हो गए. लेकिन उन्हें अपने जन्मदिन पर अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है.
पेट दर्द की शिकायत के बाद पहले उन्हें नानावती अस्पताल और फिर लीलावती अस्पताल ले जाया गया.
नानावती अस्पताल में उनकी छाती और पेट का एक्स-रे हुआ. बाद में उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पेट दर्द
अस्पताल के सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया है कि डॉक्टर जयंत बर्वे उनका इलाज कर रहे हैं जो उनके पारिवारिक डॉक्टर भी हैं.
एंबूलेंस में अभिषेक भी उनके साथ थे
ख़बरों के मुताबिक़ शुक्रवार तक अमिताभ बच्चन फ़िल्म तीन पत्ती की शूटिंग कर रहे थे. शुक्रवार की रात को ही उन्होंने पेट दर्द की शिकायत की थी.
अमिताभ बच्चन के घर के बाहर पहले से ही प्रशंसकों की भारी भीड़ जुटी हुई थी.
जब अमिताभ को एंबूलेंस में अस्पताल ले जाया गया तो प्रशंसकों की भारी भीड़ पहले नानावती और फिर लीलावती अस्पताल के बाहर जुट गई.
लोगों को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा. अमिताभ बच्चन के साथ अस्पताल में उनके बेटे अभिषेक बच्चन, बहू ऐश्वर्या रॉय बच्चन और बेटी श्वेता भी मौजूद हैं.
समाजवादी पार्टी नेता अमर सिंह भी अमिताभ बच्चन का हालचाल पूछने अस्पताल पहुँचे.
दिसंबर 2005 में भी अमिताभ बच्चन को पेट में दर्द हुआ था. बाद में उनका सफल ऑपरेशन भी हुआ था.


Click it and Unblock the Notifications