रैंप पर अमिताभ, रितिक और शाहरूख ने ढ़ाया कहर
बॉलीवुड के दो करिश्माई कलाकार अमिताभ बच्चन और रितिक रोशन यहां चल रहे 'एचडीआईएल-इंडिया काउचर वीक' में डिजाइनर करन जौहर और वरुण बहल के संग्रह के लिए शोस्टॉपर बने लेकिन शाहरुख खान ने अपनी मधुर मुस्कान से वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
बिग बी और रितिक गुरुवार शाम रैम्प पर उतरे और उनके आकर्षक व्यक्तित्व ने समां बांध दिया था। अमिताभ काले रंग के ओवरकोट में नजर आए तो रितिक मिलिट्री जैकेट में दिखे। दोनों कलाकारों के रैम्प पर उतरने के बाद डिजाइनर करन ने दर्शकों की पहली पंक्ति में बैठे शाहरुख को भी रैम्प पर बुलाया।
इस पर खुद अमिताभ ने अपना हाथ आगे बढ़ाकर दर्शकों के बीच बैठे शाहरुख को मंच पर खींच लिया। जब वहां मौजूद लोगों ने 'कभी खुशी कभी गम' के तीनों कलाकारों को रैम्प पर एक साथ चलते देखा तो पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शाहरुख ने अमिताभ और ऋतिक को गले लगाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। दर्शकों में बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा, करिश्मा और करीना कपूर, सैफ अली खान, अनिल कपूर, सोनम कपूर, रानी मुखर्जी, शाहरुख की पत्नी गौरी, रितिक की पत्नी सुजान, उर्मिला मातोंडकर, रवीना टंडन, राहुल खन्ना, डीनो मोरिया भी मौजूद थे।


Click it and Unblock the Notifications