मेरे शरीर में जंग लग गई है, मुझे डांस सीखना चाहिए: अमिताभ
पर्दे पर पूरे जोश और जुनून के साथ अभिनय करने वाले बॉलीवुड शहंशाह अमिताभ बच्चन अब खुद मानते हैं, कि उनके शरीर के कुछ हिस्सों में जंग लग गई है। उन्हें यह बात नए साल के जश्न के दौरान तब महसूसत हुई, जब वे गोवा में न्यू ईयर पार्टी में जमकर थिरके। शरीर में लगी जंग को हटाने के लिए अब अमिताभ ने नृत्य यानी डांस सीखने की मंशा जताई है।
न्यू ईयर पार्टी में डीजे पर डांस करते अमिताभ को देख कोई नहीं कह सकता था कि वो 68 साल के हो चुके हैं। देखने वालों को यही लग रहा था, कि अमिताभ के शरीर में वही फुर्ती आज भी है, जो फिल्म 'अमर अकबर एंथोनी' के समय थी, लेकिन असलियत केवल अमिताभ ही जानते हैं। और उन्होंने अपने मन की बात अपने ब्लॉग पर बयां भी कर दी।
अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर लिखा है कि उन्होंने लम्बे अंतराल के बाद डांस किया है। वह कहते हैं कि डांस करने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके शरीर के कुछ हिस्सों में जंग लग गई है, लेकिन उन्हें यह देखकर भी खुशी हुई कि उनके शरीर के कुछ हिस्से अब भी लय में थिरकते हैं। वह कहते हैं कि उन्हें लगता है कि उन्हें व्यायाम के साथ डांस की ट्रेनिंग की भी आवश्यकता है।
फिल्मों में अपने अनोखे नृत्य के कारण पहचाने जाने वाले अमिताभ गोवा में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित पार्टी में शामिल हुए। अमिताभ ने बताया कि उन्होंने वहां संगीत, नृत्य और लजीज व्यंजनों का खूब आनंद लिया। अमिताभ कहते हैं कि वह अपने मित्रों और प्रशंसकों के साथ खूब थिरके और समुद्र किनारे आतिशबाजी भी की।
खैर देखा जाए तो अमिताभ का यह सुझाव सिर्फ उनके लिए ही कारगर नहीं है, बल्कि दुनिया भर के उन सभी लोगों के लिए है, जो 65 की उम्र को पार कर चुके हैं। इस उम्र में यदि आपको अपने शरीर की जंग हटानी है, तो व्यायाम और नृत्य सीखें, आपको जरूर फायदा मिलेगा।


Click it and Unblock the Notifications











