अमिताभ बने ओपरा विनफ्रे के ड्राइवर
बॉलीवुड शहंशाह अमिताभ बच्चन के पास कई ड्राइवर होंगे जो उनकी गाड़ी ड्राइव करते होंगे, लेकिन इसके बाद भी हॉलीवुड के मशहूर टॉक शो की प्रस्तुतकर्ता ओपरा विनफ्रे के लिए उन्होंने खुद ही कार चलाई। सोमवार की रात खुद बिग बी कार चलाकर ओपराह को पार्टी में ले गए।
मुम्बई पहुंचने के बाद ओपरा पहले बच्चन परिवार से मुलाकात करने के लिए उनके आवास जलसा पर पहुंची। वहां उन्होंने अभिषेक, ऐश्वर्या व उनकी दो माह की बेटी से मुलाकात की।
अमिताभ के घर एक घंटा बिताने के बाद ओपरा बिग बी, अभिषेक और ऐश्वर्या के साथ पार्टी के लिए रवाना हुईं। उन्होंने इस अवसर पर ऑरेंज कलर की साड़ी पहनी थी।
वैसे जब भी बिग बी बाहर जाते हैं वो अक्सर कार की पिछली सीट पर नजर आते हैं लेकिन ओपरा से मुलाकात के बाद वो इतने खुश थे कि खुद ही ड्राइव कर ओपरा को सोशलाइट परमेश्वर गोदरेज के आवास पर ले गए। गोदरेज ने ओप्रा के सम्मान में सितारों से भरी पार्टी का आयोजन किया था।
अमिताभ ने ट्विटर पर लिखा, 'ओपरा हमारे घर आईं, वह हमसे मिली और बच्ची को आशीर्वाद दिया। मैं उन्हें उनके सम्मान में आयोजित पार्टी में ले गया। ओपरा साड़ी में बहुत प्यारी दिख रही थीं'
आपको बता दें कि ओपरा इन दिनों भारत यात्रा पर हैं। वह यहां जयपुर साहित्य महोत्सव में शामिल होंगी और यहीं अपने नए शो 'नेक्स्ट चैप्टर' की शूटिंग करेंगी।


Click it and Unblock the Notifications











