आज मैंने अपना प्यारा दोस्त हमेशा के लिए खो दिया: अमिताभ बच्चन
बॉलीवुड के महान खलनायकों में से एक प्राण साहब के निधन से पूरा बॉलीवुड दुखी है, हर कोई अपने दुख को प्रकट कर पाने में असमर्थ है। जहां लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ऊपरवाले से प्रार्थना की है वहीं सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने कहा कि आज मैंने बेहतरीन सहयोगी, प्यारा दोस्त महान अभिनेता, विचारशील मानव और एक सज्जन व्यक्ति को खो दिया है। प्राण साहब जैसा ना कोई था , है और ना ही होगा।
तो वहीं बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने भारतीय सिनेमा के सबसे महान खलनायक और बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता प्राण के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि वह हमेशा अपने प्रशंसकों के दिल में रहेंगे।

गौरतलब है कि प्राण के नाम से मशहूर प्राण किशन सिकंद के बेटे सुनील ने बताया कि उन्होंने लंबी बीमारी के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में शुक्रवार रात आखिरी सांस ली। वह 93 साल के थे।
शोक प्रकट करते हुए शाहरुख ने ट्विटर पर लिखा, "ऐसी हस्ती जो हमारी जिंदगी और भावना को गढ़ती है, उसे आखिर दुनिया से क्यों जाना पड़ता है? आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगे। अल्लाह आपकी आत्मा को शांति दे।"
प्राण साहब का पार्थ्व शरीर अस्पताल से सीधे शिवाजी पार्क ले जाया जायेगा जहां दिन के 12 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा। इस अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए बॉलीवुड के कई दिग्गज पहुंचने वाले हैं।


Click it and Unblock the Notifications