और लीलावती अस्पताल में हुई शक्ति के बाप-बेटे की मुलाकात
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने सोमवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में दिलीप कुमार से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा। अमिताभ ने पहले ही ब्लॉग पर लिखा था कि जिस दिन डॉक्टर उन्हें दिलीप साहब से मिलने की इजाजत दे देंगे उस दिन वह लीलावती अस्पताल जायेंगे। और जैसे ही बिग बी को खबर मिली कि दिलीप साहब आईसीयू से बाहर आ गये हैं, वह तुंरत लीलावती अस्पताल पहुंच गये।
अमिताभ ने कहा कि दिलीप साहब से मिला, वह पहले से काफी बेहतर हैं। उन्हें तीन-चार दिन के अंदर छुट्टी मिल सकती है। मालूम हो कि अमिताभ और दिलीप कुमार ने सुपरहिट फिल्म शक्ति में एक साथ काम किया था जिसमें दिलीप साहब, अमिताभ के बाप बने थें। शक्ति, बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में से एक है।
मालूम हो कि पिछले रविवार से लीलावती अस्पताल में भर्ती दिलीप कुमार को रविवार को आईसीयू से बाहर लाया गया है। दिलीप कुमार के बारे में जानकारी मुर्शीद खान ने मीडिया को दी जो कि दिलीप कुमार की पत्नी एवं मशहूर अभिनेत्री सायरा बानो के मैनेजर हैं।
मुर्शीद खान ने कहा कि, "दिलीप अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। अब वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष से सामान्य वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है। पूरी संभावना है कि अगले तीन दिनों में उन्हें अस्पातल से छुट्टी मिल जाएगी।"


Click it and Unblock the Notifications












