Throwback: जब मरते-मरते बचे थे अमिताभ बच्चन, डॉक्टर्स ने दे दिया था जवाब और फिर...

Amitabh Bachchan Accident: अमिताभ बच्चन हैदराबाद में अपनी आने वाली फिल्म 'प्रोजेक्ट के' की शूटिंग के दौरान घायल हो गए। अभिनेता ने अपने ब्लॉग पर फैंस के साथ अपनी हेल्थ अपडेट शेयर की है और जानकारी दी है कि, वो फिलहाल मुंबई में अपने घर पर आराम कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने बताया कि फिल्म की शूटिंग कैंसिल करनी पड़ी क्योंकि उन्हें चोट से उबरने में कई सप्ताह लगेंगे।
ये पहली दफा नहीं है जब शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 80 वर्षीय अमिताभ बच्चन लगभग 40 साल पहले कुली की शूटिंग के दौरान भी गंभीर हादसे का शिकार हो गए थे। उस समय अमिताभ बच्चन इस कदर गंभीर रूप से घायल हुए थे कि, वो मौत के मुंह से वापस निकल कर आए थे। तब टीवी से लेकर रेडियो तक में सिर्फ अमिताभ बच्चन के चोटिल होने की खबर ही चलती थी। फैंस उनके ठीक होने की दुआएं मांगते थे।
1982 में 'कुली' फिल्म की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन को एक फाइट सीन के दौरान चोट लग गई थी। उस सीन में पुनीत इस्सर को अमिताभ बच्चन के पेट पर पंच मारना था लेकिन, गलती से यह पंच इतनी तेजी से लग गया कि अमिताभ बच्चन की हालत गंभीर हो गई थी। उन्हें आनन फानन में अस्पताल लाया गया था।

डॉक्टर्स ने दे दिया था जवाब
इस दुर्घटना में अमिताभ बच्चन की हालत इतनी गंभीर हो गई थी कि, एक समय पर डॉक्टर्स ने भी जवाब दे दिया था। तब उनके फैंस बिग बी के ठीक होने की दुआएं मांग रहे थे। कहा जाता है कि, तब अमिताभ बच्चन लगभग कोमा में चले गए थे। अमिताभ बच्चन ने एक बार सोशल मीडिया पर भी इस घटना का जिक्र किया था।

कोमा में थे बिग बी
अमिताभ बच्चन ने कहा था कि, डॉक्टर्स ने उन्हें ठीक करने के लिए एक इंजेक्शन दिया था जिसके बाद वो धीरे-धीरे ठीक होने लगे थे। अमिताभ बच्चन ने बताया था- 'मैं लगभग कोमा जैसी स्थिति में जा चुका था। अस्पताल में भर्ती होने के 5 दिनों के अंदर ही मेरी दूसरी सर्जरी हुई थी।'

डॉक्टर ने लिया आखिरी रिस्क
अमिताभ बच्चन ने कहा- 'काफी लंबे समय तक मैं उसी स्थिति में रहा। एक समय के लिए ऐसा लगा था कि मैं मर गया हूं। तब मेरे एक डॉक्टर जिन्होंने उस समय मेरी पूरी तरह से देखभाल की थी उन्होंने आखिरी रिस्क लेकर एड्रेनालाईन इंजेक्शनों को एक बाद एक पंप करना शुरू कर दिया।'

'अमिताभ जिंदा है'
अमिताभ बच्चन ने बताया था कि, जया बच्चन भी उस वक्त पर वहीं मौजूद थी। उन्होंने उस समय अमिताभ की पैर की अंगुली को हिलाते देखा और इसके बाद उन्होंने बताया कि अमिताभ जिंदा है।


Click it and Unblock the Notifications











