सदी का महानायक अब भी अस्पताल में
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अब भी अस्पताल में ही हैं। पेट की दो बार सर्जरी के बाद भी उन्हें दर्द से आराम नहीं मिल रहा है, सूत्र के अनुसार उन्हें तुरंत अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना नहीं है।
अमिताभ बच्चन ने सोमवार रात अपने ब्लॉग पर लिखा था कि शनिवार को पेट के जिस हिस्से की सर्जरी हुई थी, वहां उन्हें काफी दर्द हो रहा है। उन्हें ऑपरेशन वाली जगह पर असहनीय दर्द हो रहा है इसके लिए फिर उनकी दवाईयां भी बदली गईं।
कल उन्होंने अपने ब्लॉग पर कुछ भी नहीं लिखा। इससे पहले ऐसी कयास लगायी जा रही थी कि 69 वर्षीय अमिताभ को सोमवार को छुट्टी मिल सकती है। बिग बी के बेटे अभिषेक बच्चन ने शनिवार को अपने पिता के ऑपरेशन के बारे में सारी जानकारी दी।
अमिताभ बच्चन ने भी लिखा था कि असहनीय दर्द के कारण उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने में विलंब हो सकता है। उन्होंने सोमवार को ब्लॉग पर लिखा था कि उनकी सुबह बहुत अच्छी नहीं रही। जिस जगह ऑपरेशन हुआ है, वहां बहुत दर्द है, लेकिन उसे सहन कर रहा हूं। पहले मैं दर्द को सहन कर सकता था लेकिन अब इसे सहना मुश्किल है।
महानायक ने यह भी लिखा कि आपकी प्रार्थनाएं और दुआएं मेरे जख्मों के लिए दवा का काम कर रही हैं। आपकी दुआओं के लिए मैं हमेशा ही आभारी रहूंगा। इसलिए मैं आपको दोबारा धन्यवाद कह रहा हूं।
आपको बता दें की 1982 में आई फिल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान उनके पेट में गंभीर चोट लगी थी, जिस कारण उन्हें पेट संबंधी समस्याएं रहती थीं।
ऑपरेशन के साथ ही बॉलीवुड ने बिग बी के जल्द ही अच्छे हो जाने की कामना की है। फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा और अपूर्वा लाखिया ने बच्चन से मुलाकात की। इससे पहले रमेश तौरानी, संजय दत्त और उनकी पत्नी मान्यता दत्त भी अमिताभ से मिलने अस्पताल आ चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications