25 पैसे भी नहीं थे बिग बी के पास
आज अरबों रुपये की संपत्ति के मालिक मेगास्टार अमिताभ बच्चन के पास कभी 25 पैसे भी नहीं हुआ करते थे। अभाव के दिनों में वह 25 पैसे की कोकाकोला की बोतल और मसाले वाला खीरा भी खरीद नहीं सकते थे। इतना ही नहीं नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में एक समारोह में अमिताभ सिर्फ इसलिए नहीं जा पाए थे क्योंकि उनके पास अच्छे कपड़े नहीं थे।
अमिताभ ने अपने ब्लॉग में अपने परिवार के अभाव के दिनों का जिक्र करते हुए लिखा है कि सीमित आय होने के कारण अनके माता-पिता स्कूल के दिनों में क्रिकेट क्लब की फीस (दो रुपये) भी नहीं दे पाते थे। इस बेबसी से निराश अमिताभ तब रो पड़े थे।
उन्होंने लिखा है कि उनके दोस्तो के जन्मदिन की पार्टियों में उनके सभी साथी शोफर ड्रिवन कारों में आते थे जबकि अमिताभ इन पार्टियों में साइकल से जाते थे। उनके घर पर अन्य दोस्तों के घरों की तरह एअरकंडीशनर भी नहीं था।
उनके पास केवल दो जींस पैंट और दो कमीजें थीं जिन्हें वह हर मौके पर पहनते थे। बिग बी के अनुसार, नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हर्बट वोन करांजन ने फिलहार्मोनिक ऑर्केस्ट्रॉ आयोजित किया था लेकिन समारोह में अमिताभ केवल इसलिए नहीं जा सके थे क्योंकि उनके पास अच्छे कपड़े नहीं थे।
जो कपड़े उनके पास थे, उन्हें ड्राइक्लीन कराने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। उन्होंने लिखा है कि जब वह अपने पैरों पर खड़े हुए और उनकी आर्थिक समस्या दूर हुई तो वह अपने अभिभावकों की हर कमी दूर करना चाहते थे। लेकिन उनके माता-पिता ने उनसे कुछ नहीं लिया।
बिग बी ने अपने प्रशंसकों को अभिभावकों के साथ समय बिताने की नसीहत देते हुए ब्लॉग में लिखा है आज अपने अभिभावकों को खो चुका हूं, लेकिन आप में से कितने लोग अपने अभिभावकों के लिए समय निकाल पाते हैं, उनके साथ बैठ कर बातें करते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











