जया ने पहले ही दी थी चेतावनी गालियां देते हैं विधुः अमिताभ
बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन जब विधु विनोद चोपड़ा के साथ पहली फिल्म 'एकलव्य-द रॉयल गार्ड' करने जा रहे थे तब जया बच्चन ने बिग बी को चेतावनी दी थी कि विधु सेट पर गालिया देते हैं।
अमिताभ ने विधु विनोद चोपड़ा फिल्म महोत्सव में 'एकलव्य' के प्रदर्शन के बाद कहा कि जब मैंने जया को विधु के साथ एक फिल्म करने के सम्बंध में बताया तो उन्होंने सिर हिलाकर असहमति जताई, जो आने वाली घटनाओं का संकेत था। बाद में जब मैंने उनसे कहा कि मैं एक महीने की शूटिंग पर बाहर जा रहा हूं तो उन्होंने कहा कि आप तीन दिन में वापस आ जाएंगे।
बिग बी ने आगे कहा कि जया ने मुझसे कहा कि विधु सेट्स पर गालीगलौज करते हैं और चिल्लाते हैं जो आपके स्वभाव के अनुरूप नहीं है। मैं इस मानसिकता के साथ शूटिंग पर गया। वैसे शूटिंग में एक महीने से ज्यादा समय लगा और विधु के साथ काम करने का मेरा अनुभव अच्छा रहा।
फरवरी में ऑपरेशन के बाद से अमिताभ दूसरी बार सार्वजनिक रूप से सामने आए थे। इससे पहले वह आईपीएल के उद्घाटन समारोह में नजर आए। विधु के प्रोडक्शन हाउस ने 30 साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर पीवीआर सिनेमा के सहयोग से यह महोत्सव आयोजित किया गया।
विधु ने भी अमिताभ की तारीफ की और कहा कि 'एकलव्य' अमिताभ के लिए ही लिखी गई थी। वह हमारे फिल्मोद्योग में आज सबसे अच्छे इंसान हैं। यह फिल्म महोत्व 29 मार्च को शुरू हुआ था। जिसमें परिंदा, परिणीता, मुन्नाभाई एमबीबीएस, लगे रहो मुन्नाभाई, खामोश, 1942: ए लव स्टोरी, एकलव्य और 3 इडियट्स जैसी फिल्मों का प्रदर्शन हुआ।


Click it and Unblock the Notifications