बॉलिवुड महानायक का 65वां जन्मदिन आज
बॉलिवुड महानायक आज अपना 65वां जन्मदिन मनाएंगे. उम्र के इस पड़ाव भी अमिताभ बच्चन के जलवे की लौ पूरे जोश के साथ जगमगा रही है और न केवल फिल्मों में बल्कि विज्ञापन जगत में भी वह आज नंबर वन की हॉट सीट पर विराजमान हैं.
ऐड वर्ल्ड के जानकारों के मुताबिक अन्य मशहूर हस्तियों से विज्ञापनों के लिए कॉन्ट्रैक्ट करते वक्त बहुत सारी बातों का ध्यान रखा जाता है। लेकिन बिग बी अकेली ऐसी भारतीय सिलेब्रिटी हैं जो आज की तारीख में कलम और बालों के तेल से लेकर चॉकलेट और सूटिंग-शर्टिंग तक के ढेरों विज्ञापन कर रहे हैं। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो वह सुई से लेकर हवाई जहाज तक हर चीज बेच रहे हैं। मीडिया के मुताबिक ऐड वर्ल्ड में अमिताभ बच्चन ने तीनों खान हस्तियों शाहरुख, सलमान और आमिर को पीछे छोड़ दिया है।
बिग बी इस समय दर्जन भर से अधिक विज्ञापनों में काम कर रहे हैं। इन कॉन्ट्रैक्ट्स के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान को मिली मान्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह इस समय अंतरराष्ट्रीय सूटिंग-शर्टिंग ब्रैंड रीड एंड टेलर के विज्ञापनों में भी नजर आ रहे हैं। इसी कारण तो उपभोक्ता आज कहता है अमिताभ वाली शर्टिंग दिखाइए।
इस बात में कोई शक नहीं है कि बिग बी के सितारों को गर्दिश से निकालने में प्रसिद्घ कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति का बहुत योगदान रहा है। इस कार्यक्रम के शुरू होने से पहले तक अमिताभ की छवि एक बुढ़ाते कलाकार, विफल राजनेता और विफल कारोबारी तथा कर्ज से दबे इंसान की थी। हालांकि इससे पहले वह बॉलिवुड में तीन दशक की लंबी सफल पारी खेल चुके थे। हमेशा से ही एंग्रीमैन के रूप में चुनौतियों का सामना करने को तैयार रहने वाले अमिताभ ने छोटे पर्दे पर केबीसी का खतरा उठाया और इसने रातोंरात उन्हें खाक से उठाकर फलक पर बैठा दिया। इस तरह कतरा एक बार फिर समंदर बन गया।
लेकिन आप कुछ भी कहें जिंदगी के कैनवास से बड़ी अमिताभ बच्चन की इमेज ने ही उन्हें आज सर्वाधिक महंगी विज्ञापन हस्ती बना दिया है। बताया जाता है कि किसी भी कंपनी के ऐड कॉन्ट्रैक्ट के लिए अमिताभ बच्चन की शुरुआती कीमत ही 5 करोड़ रुपये है। इतनी ऊंची कीमतों के बावजूद भारतीय और विदेश कंपनियों में उन्हें लेने की होड़ लगी हुई है।


Click it and Unblock the Notifications