67 साल के हुए 'बिग बी'
बॉलीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन रविवार को अपना 67वां जन्मदिन मना रहे हैं और वह 80 बरस की उम्र तक सशक्त किरदारों को निभाना चाहते हैं। उनका कहना है कि वह इस मामले में प्रख्यात अभिनेता अशोक कुमार के पदचिन्हों पर चल रहे हैं।
अमिताभ अपना जन्मदिन परिवार के सदस्यों और नजदीकी मित्रों के साथ घर पर ही मनाएंगे। इस मौके पर अमर सिंह और मशूहर उद्योगपति अनिल अंबानी अपनी पत्नी टीना के साथ मौजूद रहेंगे।
अभिषेक और एश्वर्या इस दौरान मणिरत्नम की फिल्म 'रावण' की शूटिंग के लिए बाहर होंगे और शाम तक घर लौटेंगे। अमिताभ ने बताया, "मैं रात में अपने परिवार के साथ रहूंगा। अभिषेक और एश्वर्या भी मेरे साथ होंगे। "
घर पर पार्टी
उन्होंने कहा, "अमर सिंह जी पहले ही यहां हैं। अनिल अंबानी, टीना अंबानी और एश्वर्या के माता-पिता कृष्णराज जी और बृंदा जी भी मेरे साथ होंगे। मैं खुश होता हूं जब परिवार आपस में मिलते हैं। 11 अक्टूबर को मैं अपने घर पर रहूंगा और शायद घर में ही पार्टी आयोजित की जाएगी।"
बिग बी ने कहा, "दिन प्रति दिन और साल दर साल अपने आसपास कुछ विशेष घटित होने के लिए मैं अपने को धन्य महसूस करता हूं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं और अपने लाखों चाहने वालों को धन्यवाद दे रहा हूं।"
दादा मुनि से प्रभावित
अमिताभ बच्चन ने आगे कहा, "मैं जानता हूं कि मैं अब क्या कर रहा हूं। बढ़ती उम्र से लोगों पर असर पड़ता है और मैं उससे अलग नहीं हूं। यह आप के लिए उर्जा का स्रोत हो सकता है लेकिन मेरे लिए यह महज एक दूसरा दिन ही है।"
अमिताभ की तीन फिल्में प्रदर्शन के लिए कतार में हैं। इसके अलावा वह एक टेलीविजन रियलिटी शो की मेजबानी भी कर रहे हैं। अमिताभ ने कहा, "मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि मेरी उम्र के कलाकारों को फिल्मों में महत्वपूर्ण किरदार नहीं मिलता दादा मुनी (अशोक कुमार) इस बात का सबूत हैं। उन्होंने 80 साल की उम्र तक महत्वपूर्ण किरदार किए हैं।"
आने वाली फिल्में
बॉलीवुड में चार दशक पूरे कर चुके अमिताभ ने कहा, "अब मैं प्रेमी लड़के की भूमिकाएं और नहीं करूंगा। मैं वह सभी किरदार करूंगा जो 67 साल की उम्र में मुझ पर जंचेंगे।"
आने वाली फिल्मों में अमिताभ की अलग-अलग तरह की भूमिकाएं होंगी। 'अलादीन' में वह जिनी का किरदार करेंगे, 'पा' मैं वह एक बच्चे के साथ खेलते नजर आएंगे और 'तीन पत्ती' में गणित के विशेषज्ञ की भूमिका में दिखेंगे।
'अलादीन' 30 अक्टूबर को और 'पा' चार दिसम्बर को प्रदर्शित होगी। अगले साल 12 फरवरी को 'तीन पत्ती' फिल्म का प्रदर्शन होगा। इस फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता बेन किंग्सले भी नजर आएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











