पूरी अयोध्या खरीद कर मानेंगे अमिताभ बच्चन! तीसरी बार 35 करोड़ में खरीदी 2.67 एकड़ जमीन
Amitabh Bachchan Buys Property In Ayodhya: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने धर्मनगरी अयोध्या में एक और बड़ी प्रॉपर्टी खरीदकर अपना रियल एस्टेट निवेश बढ़ा लिया है। उन्होंने 35 करोड़ रुपये में करीब 2.67 एकड़ जमीन खरीदी है। यह जमीन हाउस ऑफ अभिनंदन लोढा के प्रोजेक्ट के पास स्थित बताई जा रही है।

कंपनी ने 6 मार्च को इस सौदे की जानकारी दी। खास बात यह है कि अयोध्या में अमिताभ बच्चन का यह तीसरा निवेश है और HoABL के साथ उनका चौथा प्लॉटेड प्रोजेक्ट बन गया है।
'द सरयू' प्रोजेक्ट के पास खरीदी जमीन
बताया गया है कि यह जमीन HoABL की 75 एकड़ में फैली 'द सरयू' परियोजना के पास स्थित है। इस डील को AB Corp Ltd के प्रबंध निदेशक राजेश यादव ने पूरा कराया।
कंपनी के चेयरमैन अभिनेदन लोढा का कहना है कि अमिताभ बच्चन का यह निवेश इस बात का संकेत है कि जमीन को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित संपत्ति के रूप में देखा जा रहा है।
आस्था और विरासत से जुड़ा निवेश
अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि उनकी कंपनी जमीन को सिर्फ संपत्ति नहीं, बल्कि एक विरासत मानती है। खासकर अयोध्या जैसे शहर में इसका महत्व और भी बढ़ जाता है, जहां आस्था और परंपरा का गहरा रिश्ता है।
उन्होंने बताया कि तेजी से हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और सरकारी निवेश के कारण अयोध्या अब लंबी अवधि के निवेश के लिए आकर्षक शहर बनता जा रहा है।
अयोध्या में तीसरी बार लगाया पैसा
अमिताभ बच्चन का अयोध्या में यह तीसरा बड़ा निवेश है। हालांकि इस नई जमीन खरीद पर अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मई 2025 में उन्होंने 'द सरयू' प्रोजेक्ट के पास करीब 40 करोड़ रुपये में 25,000 वर्ग फुट का प्लॉट खरीदा था। इससे पहले 2024 में उन्होंने इसी प्रोजेक्ट में करीब 14.5 करोड़ रुपये में 10,000 वर्ग फुट जमीन ली थी।
अलीबाग में भी खरीदी जमीन
अयोध्या के अलावा अमिताभ बच्चन ने अलीबाग में भी HoABL की 'सोल दे अलीबाग' परियोजना में निवेश किया है। यहां उन्होंने लगभग 10 करोड़ रुपये में 10,000 वर्ग फुट जमीन खरीदी है।
बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट में कृति सैनन और कार्तिक आर्यन जैसे बॉलीवुड सितारों ने भी निवेश किया है।
तेजी से बढ़ रही अयोध्या की जमीन की कीमत
पिछले पांच वर्षों में अयोध्या में जमीन की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया है। शहर में नए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बेहतर सड़क और रेल कनेक्टिविटी और राम मंदिर अयोध्या के निर्माण के बाद यहां विकास की रफ्तार तेज हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2025 के बीच सरयू नदी के किनारे और राम मंदिर कॉरिडोर के आसपास जमीन की कीमतें 4.5 गुना से भी ज्यादा बढ़ चुकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications











