बॉलिवुड के शहंशाह फिर परेशानी में
कस्टम अफसरों के मुताबिक, इस साल अप्रैल में बच्चन सीनियर और जूनियर सहार एयरपोर्ट से बिना इंपोर्ट ड्यूटी चुकाए तकरीबन एक करोड़ का विदेशी सामान ले गए थे. टैक्स न चुकाए जाने से जुड़े एक मामले में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) की तरफ से कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है.
इस मामले में जब बच्चन सीनियर से संपर्क किया, तो उन्होंने कहा- मैंने और अभिषेक ने हाल ही में सारे टैक्स जमा कर दिए हैं और अब कोई बकाया नहीं है. कस्टम विभाग के सूत्रों के मुताबिक अभिषेक और ऐश्वर्या की शादी से एक दिन पहले यह सामान लंदन के मशहूर बाजार हैरॉड्स से खरीदे गए थे, जिनपर तकरीबन 36 लाख रुपये की ड्यूटी लगनी थी. इन सामानों को अमिताभ और अभिषेक अलग-अलग लेकर आए थे, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ बताई गई.
सूत्रों के मुताबिक डीआरआई को इस मामले की जानकारी 3 महीने पहले मिली. डीआरआई ने टैक्स न चुकाए जाने के इस केस की छानबीन शुरू की. डीआरआई ने जब अमिताभ और अभिषेक से पूछा कि क्या उन्होंने बिना ड्यूटी चुकाए विदेशी सामान, जिनमें ज्यादातर मेन एक्सेसरी थीं, देश में लाए हैं?
कस्टम अफसरों के मुताबिक, अमिताभ और अभिषेक ने इसके जवाब में कहा कि उन्हें पता नहीं था कि इन सामानों पर ड्यूटी लगेगी. बाद में सीनियर और जूनियर बच्चन की ओर से ड्यूटी चुका दी गईं. लेकिन, कस्टम एक्ट के उल्लंघन के चलते इस केस में दोनों को जल्द ही कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है. गौरतलब है कि कस्टम एक्ट के तहत जारी शो काज नोटिस आईपीसी के चार्जशीट के बराबर मानी जाती है.


Click it and Unblock the Notifications