अमीषा पटेल के पास हैं करोड़ों के बैग्स और लग्जरी घर, मुश्किल से मिलती हैं फिल्में, फिर कहां से होती है कमाई?

Ameesha Patel net worth 2025: बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म 'कहो ना प्यार है' से अपनी शानदार शुरुआत की थी। ऋतिक रोशन के साथ उनकी जोड़ी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी और लोगों को लगा था कि वो आगे चलकर एक कामयाब एक्ट्रेस बनेंगी लेकिन समय के साथ वो बड़े पर्दे से गायब हो गईं।
अमीषा की स्टाइल, फैशन सेंस और एक्टिंग ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था। हालांकि, अब वो फिल्मों में कम नजर आती हैं, लेकिन उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल आज भी चर्चा में रहती है।
अमीषा पटेल की नेटवर्थ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमीषा पटेल की कुल प्रॉपर्टी लगभग 280 करोड़ रुपये है। वो सिर्फ फिल्मों से ही नहीं, बल्कि ब्रांड एंडोर्समेंट, सोशल मीडिया प्रमोशंस और अपने प्रोडक्शन हाउस से भी मोटी कमाई करती हैं। उनकी महीने की कमाई तकरीबन 2 करोड़ रुपये बताई जाती है।
कहां से होती है कमाई
वो प्रमोशनल इवेंट्स और स्टेज परफॉर्मेंस के जरिए भी अच्छी-खासी कमाई करती हैं। एक परफॉर्मेंस के लिए अमीषा 25 से 30 लाख रुपये तक चार्ज करती हैं, जबकि किसी इवेंट में शामिल होने का 10 लाख रुपये तक फीस लेती हैं। इसके अलावा उनके पास रेंटल इनकम भी है, जिससे उनकी कमाई और बढ़ जाती है।
अमीषा पटेल का लग्जरी बैग कलेक्शन
अमीषा को डिजाइनर हैंडबैग्स का जबरदस्त शौक है। उनके पास करीब 400 लग्जरी बैग्स का कलेक्शन है, जिनकी कीमत लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक है। एक बार फराह खान जब अमीषा के घर पहुंचीं तो उनके बैग कलेक्शन को देखकर दंग रह गई थीं। उनके कलेक्शन में दुनिया के सबसे महंगे बिर्किन बैग्स भी शामिल हैं।
अमीषा की प्रॉपर्टीज और लग्जरी लाइफस्टाइल
अमीषा पटेल मुंबई में एक शानदार लग्जरी अपार्टमेंट में रहती हैं। इसके अलावा उनके पास शहर में कई और प्रॉपर्टीज और रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट्स भी हैं। सोशल मीडिया पर वो अक्सर अपनी ग्लैमरस तस्वीरें और लाइफस्टाइल की झलक लोगों को दिखाती रहती हैं।
अमीषा का फिल्मी सफर
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमीषा पटेल को आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'तौबा तेरा जलवा' में देखा गया था, जिसमें उन्होंने लैला खान का किरदार निभाया था। इससे पहले वो 'मिस्ट्री ऑफ द टैटू' में स्पेशल अपीरियंस में नजर आई थीं।
2023 में आई ब्लॉकबस्टर 'गदर 2' में अमीषा ने एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार सकीना के रूप में वापसी की थी, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया। उन्होंने अपने करियर में 'कहो ना प्यार है', 'गदर: एक प्रेम कथा', 'क्रांति', 'वादा', 'भूल भुलैया', 'रेस 2' और 'भैया सुपरहिट' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया है।
भले ही आज अमीषा फिल्मों में कम दिखती हों, लेकिन उनकी शोहरत, लग्जरी लाइफस्टाइल और करोड़ों की नेटवर्थ उन्हें अब भी बॉलीवुड की सबसे चर्चित एक्ट्रेसेस में शामिल करती है।


Click it and Unblock the Notifications











