'प्रेग्नेंसी में भी मां से काम करवाए, पापा चाहते...' अमाल मलिक ने बताई चाचा अनु मलिक की हरकतें

Amaal Malik Big Boss 19: बिग बॉस 19 के हालिया एपिसोड में एक भावुक क्षण देखने को मिला, जब म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने अपने पारिवारिक जीवन से जुड़ी कुछ बेहद निजी और तकलीफदेह बातें साझा कीं। नॉमिनेशन टास्क के बाद जब घर के सदस्य बशीर अली उदास नज़र आए, तो अमाल ने उन्हें अपने जीवन के कुछ प्राइवेट अनुभव सुनाए, जो उनके पिता डब्बू मलिक से जुड़े थे।
अमाल ने बताया कि उनके पिता को अपने ही परिवार से धोखा मिला था। उन्होंने खुलासा किया कि उनके चाचा अनु मलिक ने उनके पिता के साथ धोखा किया। अमाल के अनुसार, जब उनका परिवार ज्वाइंट फऐमिली में रह रहा था, तब उनकी मां को बहुत कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उनसे घर के सारे काम कराए जाते थे और उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं होता था।
अमाल ने कहा कि उनके पिता चाहते थे कि उनके दोनों बेटे - अमाल और अरमान - अलग-अलग क्षेत्रों में नाम बनाएं। एक संगीत बनाए, तो दूसरा गायक बने, लेकिन दोनों एक ही दिशा में न जाएं। अमाल ने ये भी बताया कि डब्बू मलिक को कई बार रिकॉर्डिंग स्टूडियो में बुलाया जाता था, लेकिन जब गाने रिलीज होते, तो क्रेडिट किसी और को मिल जाता। यह बात उन्हें भीतर तक तोड़ देती थी।
उन्होंने ये भी साझा किया कि उनके पिता को एक सुनहरे मौके का सपना दिखाकर इस्तेमाल किया गया, जबकि हकीकत में उनके साथ छल किया गया। इसका असर उनके आत्मविश्वास पर गहरा पड़ा, और उन्हें अपनी मानसिक स्थिति संभालने के लिए दवाओं का सहारा लेना पड़ा।
अमाल ने अपने बचपन के बारे में बताया कि बाहर से भले ही उनका जीवन संगीत और चमक-धमक से भरा हुआ दिखता हो, लेकिन अंदर से वह दौर संघर्ष और दर्द से भरा था। उन्होंने याद किया कि जब उनकी मां गर्भवती थीं, उस समय भी उन्हें कोई आराम नहीं मिलता था और संयुक्त परिवार में उन पर काम का बोझ बना रहता था।
उन्होंने कहा कि उनकी मां को कई बार नजरअंदाज किया गया और अपमान का सामना करना पड़ा। एक दिन जब वह अपनी तकलीफ सहन नहीं कर पाईं, तो उन्होंने अलमारी पर हाथ मारकर अपना दर्द जाहिर किया। अमाल ने कहा, "मेरी मां मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने जिस तरह संघर्ष किया, वह मेरे लिए झांसी की रानी से कम नहीं हैं। अगर उन्होंने वो सब सहन न किया होता, तो आज मैं यहां न होता।"
अमाल ने एक और घटना का ज़िक्र किया जब वे केवल 7 साल के थे। एक दिन उनके चाचा अनु मलिक गाड़ी से कहीं जा रहे थे और अमाल उनके पास पहुंचे। लेकिन चाचा ने गाड़ी का दरवाज़ा खोलने के बजाय खिड़की का शीशा ऊपर कर लिया और गाड़ी लेकर चले गए। उस वक्त तेज बारिश हो रही थी और अमाल पूरी तरह भीग गए। बाद में उनकी मां उन्हें अंदर ले गईं।
इस भावुक खुलासे ने दर्शकों को अमाल मलिक के जीवन के उस पक्ष से रूबरू कराया, जो शायद पहले कभी सामने नहीं आया था। यह एपिसोड न सिर्फ एक रियलिटी शो का हिस्सा था, बल्कि उस संघर्ष की कहानी भी थी, जो एक कलाकार और उनके परिवार ने वर्षों तक झेली।


Click it and Unblock the Notifications


















