कुछ अलग करने की कोशिश..

रितेश देशमुख को आपने मालामाल वीकली, हे बेबी, धमाल, दे ताली जैसी फ़िल्मों में हंसाते हुए देखा होगा. लेकिन अब वो अलादीन में कुछ हटकर करते नज़र आएँगे और वो भी अमिताभ बच्चन के साथ. लगता है रितेश देशमुख इस सवाल का जवाब देते देते थक गए हैं कि वो सिर्फ़ कॉमेडी फ़िल्मों में ही काम क्यों करते हैं.
देशमुख कहते हैं," अलादीन एक अलग तरह की फ़िल्म है. जब लोग मुझसे ये पूछते हैं कि आप सिर्फ़ कॉमेडी करते हैं तो वो ये भूल जाते हैं कि मैंने 'कैश" जैसी फ़िल्म भी की है, हांलाकि दुर्भाग्य से कैश चली नहीं."
'सबको भाएगी अलादीन'
'झंकार बीट्स" बनाने वाले सुजॉय घोष निर्देशित अलादीन में रितेश देशमुख के साथ अमिताभ बच्चन और संजय दत्त भी हैं. बच्चन इस फ़िल्म में जिन्न की भूमिका निभा रहे हैं और अलादीन का किरदार निभा रहे हैं रितेश देशमुख. अलादीन, उनके चिराग़ और उस चिराग़ से निकलने वाले जिन्न की कहानी पर दुनिया भर में टीवी सीरियल, फ़ीचर फ़िल्में और कार्टून फ़िल्में बन चुकी हैं और शायद आगे भी बनती रहेंगीं.
अलादीन के बॉलीवुड रुपांतरण में ख़ूब स्पेशल इफ़ेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है और रितेश देशमुख को उम्मीद है कि बच्चों को ये फ़िल्म बढ़िया लगेगी. देशमुख कहते हैं," ये बच्चों को काफ़ी पसंद आएगी लेकिन इसे बड़े लोग भी पसंद करेंगे. एक तरह से ये फ़िल्म सिर्फ़ बच्चों के लिए ही नहीं है, हांलाकि इसमें जादू के साथ-साथ स्पेशल इफ़ेक्ट्स भी हैं जो बच्चों को ख़ूब भाएँगे. इस हिसाब से ये एक दिलचस्प फ़िल्म है."
डू नॉट डिस्टर्ब
वैसे इस हफ़्ते रितेश डेविड धवन की 'डू नॉट डिस्टर्ब' में गोविंदा के साथ दिखेंगे. रितेश कहते हैं कि गोविंदा एक बढ़िया व्यक्ति हैं जिनके साथ काम करने में उन्हें ख़ूब मज़ा आया. लेकिन वो इस बात से भी बेहद ख़ुश हैं कि वो डेविड धवन की कॉमेडी में काम कर रहे हैं.
देशमुख कहते हैं,"मैं अरसे से कॉमेडी फ़िल्में कर रहा हूं लेकिन जबतक आप डेविड धवन के साथ कॉमेडी नहीं करते तो ये सर्कल पूरा नहीं होता. और अगर वाशु भगनानी, डेविड धवन और गोविंदा एक ही फ़िल्म से जुड़े हों तो उसकी बात ही क्या."
निर्माता वाशु भगनानी, गोविंदा और डेविड धवन की तिकड़ी कुली नंबर वन,हीरो नंबर वन और बड़े मियां छोटे मियां जैसी फ़िल्मों में अपने तालमेल का लोहा मनवा चुकी है. रितेश कहते हैं कि डू नॉट डिस्टर्ब में ख़ूब मस्ती, धमाल और मंनोरंजन हैं.


Click it and Unblock the Notifications











