'मैं पहले गायक हूं, बाद में अभिनेता'

अली ज़फ़र ने अपना नया एलबम 'झूम' लॉन्च किया.
फ़िल्म 'तेरे बिन लादेन' ने आलोचकों के साथ-साथ दर्शकों का भी ख़ूब प्यार पाया.
इस फ़िल्म के ज़रिए पाकिस्तानी गायक अली ज़फ़र ने अभिनय में क़दम रखा और लोगों ने उन्हें पसंद भी किया. लेकिन अली ज़फ़र चाहते हैं कि लोग उन्हें गायक के तौर पर ही याद रखें.
मुंबई में अपनी नई एलबम 'झूम' को लॉन्च करते वक़्त अली ने मीडिया से कहा, "तेरे बिन लादेन को लोगों ने पसंद किया. लेकिन मुझे लगा कि कहीं लोग ये ना समझ बैठें कि मैं ऐक्टिंग की वजह से गायकी से हट रहा हूं. मैं ये नहीं चाहता था. इसलिए मैंने ये एलबम लॉन्च किया."
अली ज़फ़र मानते हैं कि आजकल के व्यवसायिक दौर में ऐसा संगीत बहुत कम बन रहा है जिसकी लंबी उम्र हो. लोग किसी गाने को सुनते हैं और जल्द ही भूल जाते हैं. ऐसे में ज़फ़र चाहते हैं कि वो ऐसा संगीत रचें, ऐसे गाने गाएं जिन्हें लंबे समय तक लोग याद रखें.
अली ज़फ़र अपने आपको बहुत भाग्यशाली भी मानते हैं. वो कहते हैं, "एक कलाकार होने के नाते हम संगीत के या अपनी कला के ज़रिए लोगों के बीच की दूरियां मिटा सकते हैं. इस लिहाज़ से मैं अपने आपको बड़ा ख़ुशकिस्मत समझता हूं."
उनके नए एलबम 'झूम' में कुल 12 गाने हैं. ज़फ़र कहते हैं इसमें थोड़ा सूफ़ियाना और गंभीर किस्म का संगीत है जो उनके अब तक के बाक़ी सभी एलबमों से अलग है.
अली ज़फ़र यशराज बैनर की आने वाली फ़िल्म 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' में भी काम कर रहे हैं. इसमें इमरान ख़ान और कटरीना कैफ़ भी अहम भूमिकाओं में हैं. इस फ़िल्म के जुलाई में रिलीज़ होने की संभावना है.
गायक के तौर पर अली ज़फ़र ने अपने करियर की शुरुआत 2003 में की जब पाकिस्तान में उनका एलबम 'हुक्का पानी' रिलीज़ हुआ. ये एलबम पूरी दुनिया में 2005 में रिलीज़ हुआ.


Click it and Unblock the Notifications











