बॉलीवुड में बहुत प्यार मिला: अली ज़फ़र

नई फ़िल्म 'तेरे बिन लादेन' के अभिनेता अली ज़फ़र कहते हैं कि उन्हें बॉलीवुड में काम करना बहुत रास आया है.
अली ज़फ़र पाकिस्तानी गायक और अभिनेता हैं. बॉलीवुड में ये उनकी पहली फ़िल्म है.
अली कहते हैं, ''मुझे बॉलीवुड में बहुत प्यार और इज़्ज़त मिली है. आज बॉलीवुड दुनिया की बहुत बड़ी मनोरंजन इंडस्ट्रियों में से एक है और इसका हिस्सा बनने में मुझे बहुत मज़ा आया. ऊपर से ये विषय ऐसा है कि पाकिस्तान में भी बहुत प्रासंगिक है.
अली का कहना है कि बॉलीवुड में उन्हें सलमान ख़ान और करण जौहर से बहुत समर्थन मिला है जिन्होंने फ़िल्म की तारीफ़ की है.
फ़िल्म तेरे बिन लादेन कहानी है पाकिस्तान में रहने वाले एक ऐसे पत्रकार की जो अमरीका जाकर वहां की किसी बड़ी मीडिया कंपनी में काम करना चाहता है. इसके लिए वो तरह-तरह के हथकंडे अपनाता है.
अली ज़फ़र के मुताबिक़, ये फ़िल्म अमरीका में सितंबर 2001 में हुए हमलों के बाद दुनिया में जो माहौल पैदा हुआ है और कथित 'वॉर ऑन टेरर' की पृष्ठभूमि पर आधारित है. इस फ़िल्म में सब कुछ मज़ाकिया अंदाज़ में दिखाया गया है.
वो कहते हैं, ''मुझे लगता है कि इस फ़िल्म को अपने देशों से बाहर रहने वाले दक्षिण एशियाई लोग बहुत पसंद करेंगे. उनको सितंबर 2001 के बाद दुनिया में आए बदलाव से क्या परेशानियां आईं वो सभी इस फ़िल्म में दिखाया गया है.''
अली के मुताबिक़ फ़िल्म में हास्यापद रूप से ये भी दिखाया गया है कि कैसे पूरी दुनिया में ओसामा बिन लादेन का डर छाया हुआ है लेकिन डरने की वजहें कई और भी हैं.
मुझे और भी कई फ़िल्मों के प्रस्ताव आए लेकिन जब मैंने तेरे बिन लादेन की कहानी सुनी तो मैंने सब छोड़कर इसे ही चुना.
भारत और पाकिस्तान के संबंधों के बारे में अली कहते हैं, ''इतने बरसों से दोनों देशों के संबंध सुधारने की कोशिश की जा रही है लेकिन कुछ न कुछ ऐसा होता रहता है कि कोशिशें नाकाम हो जाती हैं. लेकिन एक कलाकार हमेशा अमन का पैग़ाम लेकर आता है और अपनी कला के ज़रिए हम उतना करते ही हैं जितना कर सकते हैं.''
अली ज़फ़र कहते हैं कि वो बॉलीवुड में आगे भी काम ज़रूर करना चाहेंगे.
तेरे बिन लादेन के निर्देशक हैं अभिषेक शर्मा और इसमें अली ज़फ़र के अलावा नज़र आएंगे प्रधुमन सिंह और सुगंधा गर्ग भी.


Click it and Unblock the Notifications











