आलिया भट्ट स्टारर 'गंगूबाई काठियावाड़ी' अब नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज, संजय लीला भंसाली ने जताई खुशी
बड़े पर्दे पर फैंस से जबरदस्त प्यार और प्रशंसा बटोरने के बाद, आलिया भट्ट अभिनीत गंगूबाई काठियावाड़ी 26 अप्रैल, 2022 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। गंगूबाई की कहानी अब आप नेटफ्लिक्स पर हिंदी और तेलुगु दोनों भाषा में देख सकेंगे। एस हुसैन जैद द्वारा लिखित पुस्तक- मुंबई के माफिया क्वींस पर आधारित, गंगूबाई काठियावाड़ी की कहानी गुजरात के एक छोटे से शहर काठियावाड़ की एक साधारण लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है।
संजय लीला भंसाली द्वारा लिखित और निर्देशित ये फिल्म शानदार अभिनय, संगीत और सिनेमेटोग्राफी की वजह से खूब चर्चा में रही थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 128 करोड़ के लगभग का कलेक्शन किया है।

गंगूबाई काठियावाड़ी के फिल्म निर्माता, संजय लीला भंसाली ने नेटफ्लिक्स पर अपनी फिल्म आने के बारे में बात करते हुए कहा, "गंगूबाई काठियावाड़ी मेरे लिए एक बहुत ही खास फिल्म है और हम इसे वैश्विक स्तर पर मिली अभूतपूर्व प्रतिक्रिया से बहुत खुश हैं। जबकि फिल्म ने दर्शकों को सिनेमाघरों में वापस आने के लिए प्रोत्साहित किया है, मुझे खुशी है कि फिल्म अब नेटफ्लिक्स के साथ भारत और दुनिया भर में और भी अधिक दर्शकों तक पहुंचेगी।"
नेटफ्लिक्स इंडिया की वीपी-कंटेंट मोनिका शेरगिल ने कहा, "फिल्में भारत में मनोरंजन की पहली च्वॉइस हैं और हम इस सफर में उनके डेस्टिनेशन बनना चाहते हैं। हम रोमांचित हैं कि प्रतिष्ठित फिल्म, गंगूबाई काठियावाड़ी जल्द ही नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। संजय लीला भंसाली द्वारा प्यार के साथ बनाई गई.. आलिया भट्ट, अजय देवगन और कई अन्य दमदार कलाकारों के यादगार प्रदर्शनों से भरपूर, हम उम्मीद है कि हमारे सदस्य इस फिल्म का आनंद लेंगे।"
संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित और लिखित, गंगूबाई काठियावाड़ी भंसाली प्रोडक्शंस और डॉ जयंतीलाल गड़ा (पेन स्टूडियो) द्वारा निर्मित है। फिल्म में आलिया भट्ट, अजय देवगन, जिम सरभ, शांतनु माहेश्वरी, विजय राज, इंदिरा तिवारी सहित अभिनेताओं की एक उल्लेखनीय लाइनअप है।


Click it and Unblock the Notifications












