आलिया भट्ट के 29वें जन्मदिन पर रिलीज़ होगा ब्रह्मास्त्र का ईशा का लुक, 21 साल में साईन की थी फिल्म
आलिया भट्ट इस समय अपनी फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी की सफलता को काफी इंजॉय कर रही हैं और अब उनकी अगली फिल्म की रिलीज़ की तैयारी शुरू हो चुकी है। बात हो रही है ब्रह्मास्त्र की। रिपोर्ट्स की मानें तो 15 मार्च को आलिया भट्ट के जन्मदिन पर ब्रह्मास्त्र से आलिया भट्ट के किरदार ईशा का फर्स्ट लुक बाहर आ रहा है।
इतना ही नहीं, आलिया की स्टारडम को देखते हुए फिल्म का एक मोशन टीज़र और आलिया के किरदार की झलक वाला एक टीज़र वीडियो भी रिलीज़ किए जाने का प्लान है।

दिलचस्प है कि आलिया भट्ट ने 21 साल की उम्र में ब्रह्मास्त्र साईन की थी और 15 मार्च को वो अपना 29वां जन्मदिन मनाने जा रही हैं। ब्रह्मास्त्र, काफी मशक्कत के बाद आखिरकार, इस साल 9 सितंबर 2022 को रिलीज़ हो रही है। फिल्म को सात साल पहले अनाउंस किया गया था और इसी फिल्म के साथ रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की लव स्टोरी भी शुरू हुई थी।

शिवा की ईशा
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की प्रेम कहानी की शुरूआत ब्रह्मास्त्र के ही सेट से हुई थी। फिल्म में रणबीर कपूर शिवा और आलिया भट्ट ईशा के किरदार में दिखाई देंगे। उनके नाम सुनकर ही लोगों ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर कह डाला। काफी लोगों ने फिल्म का नाम और रणबीर आलिया के किरदारों का नाम सुनकर यह कयास लगा लिया था कि फिल्म अमिष त्रिपाठी की किताब मेलुहा के मृत्युंजय पर बनी हो सकती है।

छह बार बदल चुकी है फिल्म की रिलीज़
अक्टूबर 2017 में करण जौहर ने ब्रह्मास्त्र अनाउंस की। जिसके बाद से इस फिल्म की रिलीज़ डेट पांच बार अनाउंस की जा चुकी है। सबसे पहले, इसे 15 अगस्त 2019 को रिलीज़ होना था लेकिन फिल्म तब तक पूरी नहीं हो पाई और इसकी रिलीज़ डेट बढ़ाकर क्रिसमस 2019 कर दी गई। तब तक भी फिल्म पूरी नहीं हो पाई और इसे जून 2020 में रिलीज़ करने का फैसला किया गया। 2020 की शुरूआत में ही एक बार फिर अयान मुखर्जी की टीम को पता चल चुका था कि ब्रह्मास्त्र का जितना काम बाकी है, उस हिसाब से फिल्म जून 2020 में नहीं रिलीज़ हो पाएगी और फिल्म को 4 दिसंबर 2020 को रिलीज़ करना तय किया गया। सबने अयान को धमकी भी दी कि अब उन्होंने अगर फिल्म की तारीख बदली तो अच्छा नहीं होगा। लेकिन फिर2020 में कोरोना ने सब कुछ बदल दिया।

बदला गया फिल्म का नाम
ब्रह्मास्त्र का काम 2017 में आधिकारिक तौर से अनाउंसमेंट के बाद शुरू हुआ था। हालांकि, आलिया भट्ट, हमेशा से रणबीर कपूर की फैन थीं। जब आलिया ने ये फिल्म साईन की थी तो वो 21 साल की थीं। अब फिल्म की रिलीज़ के समय वो 28 साल की हो जाएंगी। गौरतलब है कि ब्रह्मास्त्र की शूटिंग अयान मुखर्जी ने 24 फरवरी 2018 को की थी। लेकिन इस फिल्म की अनाउंसमेंट आज से सात साल पहले ही हो चुकी थी। उस समय फिल्म का नाम ड्रैगन था। लेकिन जैसे जैसे फिल्म की कहानी आगे बढ़ती गई, अयान मुखर्जी को इसका नाम बदलना ठीक लगा।

सबसे लंबी सीरीज़
ब्रह्मास्त्र, धर्मा प्रोडक्शन्स की अब तक की सबसे महंगी फिल्म है। फिल्म का बजट है 300 करोड़। फिल्म पांच भाषाओं में रिलीज़ होगी - हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम। जब फिल्म अनाउंस हुई थी तभी अयान मुखर्जी का प्लान था 10 साल के अंदर ये ट्राईलॉजी बनाने का। जब फिल्म ड्रैगन नाम से अनाउंस हुई तो इसकी हीरोइन पर काफी विचार किया गया। पहले दीपिका पादुकोण को फिल्म में फाईनल किया गया था लेकिन सबका मानना था कि 10 साल में दीपिका का लुक काफी बदल जाएगा। ऐसे में किसी छोटी हीरोइन को फाईनल किया जाए।

क्या पूरी हो पाएगी Trilogy?
अब ज़ाहिर सी बात है जब अयान मुखर्जी ने अपने 10 साल का प्लान बनाया है, तब से अब तक ब्रह्मास्त्र को सात साल बीत चुके हैं। फैन्स तो अब इस फिल्म को ट्रोल भी करने लग गए हैं। जहां, फिल्म का पहला पार्ट आने में ही इतने साल लग गए हैं, ऐसे में अब फैन्स को भी शक है कि फिल्म के अगले दो पार्ट शायद ही बनें।

ब्रह्मास्त्र का सुपरहीरो शिवा
ब्रह्मास्त्र दरअसल, एक सुपरहीरो की कहानी है जो विश्व के सबसे ताकतवर हथियार को पाने की कोशिश करेगा। रणबीर कपूर होंगे ये सुपरहीरो जिनका नाम होगा शिवा और आलिया भट्ट उनकी प्रेमिका ईशा। अमिताभ बच्चन फिल्म में शिवा के गुरू के किरदार में दिखाई देंगे। वहीं नागार्जुन फिल्म में एक पुरातत्तव विशेषज्ञ होंगे। नागार्जुन अपने बच्चों को गंगा किनारे बसे एक गांव का अध्ययन करने लेकर जाएंगे।

महाकुंभ के मेले में लॉन्च हुआ था लोगो
ब्रहास्त्र का लोगो, कुंभ मेले के दौरान लॉन्च किया गया था। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अयान मुखर्जी संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे थे। दिलचस्प है कि ये अमिताभ बच्चन का जन्म स्थल है लेकिन वो किन्हीं कारणों से इस लॉन्च का हिस्सा नहीं बन पाए थे। तब से लगातार फिल्म की कई रिलीज़ डेट अनाउंस हो चुकी हैं। फिल्म की आखिरी कंफर्म डेट थी 4 दिसंबर 2020 लेकिन ये भी निकल गई है। अब फिल्म की नई रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की गई है।

बच्चन साहब और रणबीर कपूर
मनाली में शूट के दौरान, अमिताभ बच्चन ने माईनस 3 डिग्री पर भी शूटिंग की थी और लिखा था कि कभी कभी ख्याल आता है कि शरीर अब इन सब के लिए तैयार नहीं है। लेकिन फिर सेट पर पहुंचता हूं और जान आ जाती है। फिल्म की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन रणबीर कपूर से बेहद प्रभावित थे। उन्होंने रणबीर के काम की तारीफ करते हुए एक पोस्ट भी शेयर किया था।

बेहतरीन है फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म में शाहरूख खान का एक शानदार कैमियो है। सूत्रों के अनुसार फिल्म में शाहरूख खान एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका में हैं जिनके पास सुपरपावर है। लेकिन उनकी सुपरपावर चोरी कर लेती हैं फिल्म की विलेन मौनी रॉय। इसके बाद रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, इस सुपरपावर को ढूंढने में लग जाएंगे और उन्हें गाईड करेंगे महागुरू अमिताभ बच्चन। फिल्म का स्टारकास्ट शानदार है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय के अलावा फिल्म में नागार्जुन, डिंपल कपाड़िया और प्रतीक बब्बर मुख्य भूमिकाओं में हैं।


Click it and Unblock the Notifications











