प्रेग्नेंसी की खबरों के रिपोर्ट पर भड़कीं आलिया भट्ट, कहा- 'औरत हूं पार्सल नहीं, कोई मुझे लेने नहीं आ रहा'
आलिया भट्ट ने जबसे अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की है, कई तरह के रिपोर्ट्स सामने आ रहे हैं। कुछ एक्ट्रेस के शेड्यूल को लेकर, कुछ उनकी सेहत को लेकर तो कुछ उनकी आगामी फिल्मों से संबंधित। ऐसी ही एक रिपोर्ट को शेयर करते हुए आलिया ने इंस्टा स्टोरी पर अपना गुस्सा जाहिर किया है, जिसमें लिखा था कि वह लंदन से शूटिंग खत्म वापस मुंबई आने वाली हैं और रणबीर कपूर उन्हें लेने लंदन जाएंगे।
Recommended Video
आलिया ने इन रिपोर्ट्स पर नाराजगी जताई और इसे पितृसत्ता से भरी सोच बताया। उन्होंने कहा किसी चीज में देरी नहीं हुई और उन्हें कोई लेने लंदन नहीं आ रहा। वह महिला हैं पार्सल नहीं।

रिपोर्ट में ये भी बताया गया था कि आलिया ने अपनी प्रग्नेंसी इस तरह से प्लान की है ताकि वर्क कमिटमेंट्स पर कोई असर नहीं पड़े। वह अपनी फिल्मों की शूटिंग जुलाई से पहले खत्म कर लेंगी।
आलिया ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा, "हम अभी भी पितृसत्ता की दुनिया में जी रहे हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दूं, किसी भी काम में देरी नहीं हुई है। किसी को मुझे लेने आने की जरूरत नहीं है, मैं एक महिला हूं पार्सल नहीं। मुझे आराम की बिल्कुल जरूरत नहीं है लेकिन यह जानकर अच्छा लगा कि आपके पास डॉक्टर का सर्टिफिकेशन भी होगा। यह 2022 है। कृपया क्या हम इस पुरानी सोच से बाहर निकल सकते हैं। अगर आप मुझे इजाजत दें.. मेरा शॉट तैयार है।"

फैंस को दिया धन्यवाद
बहरहाल, आलिया ने रणबीर के साथ अपनी एक अनदेखी तस्वीर शेयर कर फैंस को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद भी किया। उन्होंने लिखा- "इतना प्यार पाकर अभिभूत हूं। हमने सभी के मैसेज पढ़ने की कोशिश की है और मैं केवल इतना कहना चाहती हूं कि अपने प्यार और आशीर्वाद को बनाए रखिए.. यह बहुत खास है। आप सभी का तहे दिल से धन्यवाद।"

आलिया की लेटेस्ट तस्वीर
इस बीच आलिया की लेटेस्ट तस्वीरें सामने आई हैं। फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने अपनीइंस्टाग्राम स्टोरी पर लंदन से कुछ तस्वीरें शेयर की हैं.. जिसमें वो आलिया भट्ट और करण जौहर के साथ नजर आ रहे हैं।

लंदन में शूटिंग
बता दें, आलिया इस समय लंदन में अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म 'हार्ट ऑफ स्टोन' की शूटिंग कर रही हैं। इसके साथ उनकी आगामी फिल्मों में ब्रह्मास्त्र, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी और डार्लिंग्स है..

आलिया भट्ट- रणबीर कपूर
रणबीर और आलिया ने 14 अप्रैल को अपने परिवार और करीबी दोस्तों की उपस्थिति में बांद्रा स्थित अपने घर में निजी समारोह में शादी की थी। लिहाजा, शादी के दो महीने बाद आलिया की प्रेग्नेंसी की खुशखबरी आई है।


Click it and Unblock the Notifications