नाना जी की बिगड़ती तबीयत के कारण अप्रैल में शादी कर रहे हैं रणबीर - आलिया, मम्मी - पापा की तरह लेंगे सात फेरे
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, आखिरकार, अप्रैल में शादी करने जा रहे हैं और ये फैसला उन्होंने आलिया के नाना जी की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए लिया है। यूं तो ये शादी धूमधाम से विदेश में होना तय थी लेकिन आलिया के नाना की तबीयत के कारण, रणबीर और आलिया ने शादी मुंबई में ही करने का फैसला किया है।
ये शादी अप्रैल के दूसरे हफ्ते में होगी और रणबीर के दादा - दादी, राज कपूर और कृष्णा राज कपूर के घर पर होगी। राज कपूर के इस चेंबूर के बंगले में करीब 450 मेहमानों की जगह है और रणबीर आलिया, परिवार और दोस्तों के बीच यहीं पर सात फेरे लेंगे।

रणबीर और आलिया के फैन्स इस खबर को सुनकर इतने खुश हैं कि उन्होंने अभी से रणबीर और आलिया की दूल्हा - दुल्हन के रूप में तस्वीरें भी फोटोशॉप करना शुरू कर दी हैं। ये तस्वीर भी उसी का नमूना है।
गौरतलब है कि रणबीर के माता - पिता, नीतू कपूर और ऋषि कपूर ने भी राज कपूर के चेंबूर बंगले में ही शादी की थी। इसलिए रणबीर के लिए ये घर काफी खास है। वो अपनी दादी से भी बेहद करीब थे और जब कृष्णा राज कपूर थीं तो रणबीर अपना काफी समय यहां पर दादी के साथ बिताते थे।

रणबीर और आलिया का चार सालों का साथ
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट पिछले चार सालों से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। और दोनों को हर साल उनकी शादी की डेट के बारे में ज़रूर पूछा जाता है। वहीं आलिया भट्ट को रणबीर कपूर के नाम के साथ भी काफी बार तंग किया गया है। कुछ महीनों पहले आलिया को उनकी फिल्म RRR के लिए काफी तंग किया जा रहा है। एक शो में कपिल शर्मा ने उनसे पूछा कि आपने स्क्रिप्ट भी सुनी थी कि बस RRR सुनकर ही हां कर दिया। वहीं रणबीर के साथ एयरपोर्ट पर एक कैमरामैन ने भी आलिया को RRR कहना शुरू किया, वो हंस पड़ीं।

नहीं बताएंगे शादी की डेट
वहीं हाल ही में शर्माजी नमकीन के प्रमोशन के दौरान जब रणबीर से शादी के बारे में पूछा गया तो उनका जवाब था - मुझे पागल कुत्ते ने थोड़ी काटा है कि मैं तुझे शादी की डेट बता दूंगा। रणबीर कपूर पहले ही राजीव मसंद को दिए एक इंटरव्यू में बता चुके हैं कि अगर कोरोना महामारी का समय नहीं होता तो वो आलिया के साथ शादी के बंधन में बंध चुके होते।

ब्रह्मास्त्र से शुरू हुई प्रेम कहानी
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की पहली फिल्म ब्रह्मास्त्र की रिलीज़ डेट का एलान एक टीज़र के साथ कर दिया गया है। फिल्म 9 सितंबर 2022 को रिलीज़ हो रही है। ब्रह्मास्त्र के टीज़र लॉन्च के दौरान, फैन्स ने रणबीर से पूछा कि वो शादी कब कर रहे हैं और रणबीर ने ये सवाल तुरंत आलिया से पूछ लिया। वहीं रणबीर ने आलिया से ये भी पूछा कि ये RRR में R क्या है। दोनों की केमिस्ट्री के फैन्स अभी से कायल हो चुके हैं। इसी फिल्म के साथ दोनों की प्रेम कहानी भी शुरू हुई थी।

पहन चुकी हैं अंगूठी
आलिया भट्ट ने अपनी एक तस्वीर शेयर की थी जहां उनका चेहरा छिपा हुआ था और उनके हाथ में एक अंगूठी दिखी थी जिस पर 8 अंक बना हुआ था। 8 रणबीर कपूर का लकी नंबर है और जब इसे आलिया के हाथों में देखा गया तो फैन्स इस बात से काफी खुश दिखे कि अब आलिया और रणबीर की किस्मत साथ में जुड़ चुकी है। फैन्स को उनकी ये तस्वीर काफी पसंद आई थी।

दिवाली पर मिला तोहफा
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने दिवाली पर अपनी तस्वीरों के साथ फैन्स को चौंका दिया। आलिया ने ये तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कीं और फैन्स ने इन तस्वीरों का काफी पसंद किया। काम की बात करें तो 2022 में आलिया भट्ट रॉकी - रानी की प्रेम कहानी और जी ले ज़रा की शूटिंग भी शुरू कर देंगी। इन फिल्मों के कारण आलिया के पास ज़रा भी वक्त नहीं बच रहा था। इसलिए माना जा रहा था कि ये शादी 2023 तक टल जाएगी।

साथ में मनाते हैं छुट्टियां
आलिया और रणबीर ने साथ में रणबीर का जन्मदिन, जोधपुर में मनाया जहां से ये तस्वीरें आलिया ने शेयर कीं। 2022 में रणबीर कपूर के काम की बात करें तो इस साल रणबीर कपूर अपनी फिल्म शमशेरा और ब्रह्मास्त्र के प्रमोशन और बाकी दो फिल्म लव रंजन की फिल्म और एनिमल की शूटिंग में व्यस्त रहेंगे। हालांकि, फैन्स को केवल इनकी शादी का इंतज़ार है।

तीन बार होते होते रह गई शादी
पिछले साल फैन्स और मीडिया ने तीन अलग अलग तारीखों पर रणबीर और आलिया की शादी करवाने का फैसला किया। लेकिन इन तारीखों पर रणबीर और आलिया शादी करने के लिए राज़ी नहीं हुए। पहले दोनों 8 - 10 फरवरी के बीच फ्रांस में शादी करने वाले थे। फिर मई - जून और इसके बाद नवंबर - दिसंबर में। इसके बाद ये डेट आगे बढ़कर 2022 के वैलेंटाईन डे और फिर मई - जून तक भी पहुंची।

पहले से थीं रिपोर्ट्स
काफी समय से रिपोर्ट्स थीं कि रणबीर और आलिया, अप्रैल में शादी के बंधन में बंध जाएंगे और अब कई सूत्र इस खबर की पुष्टि कर रहे हैं। अब देखना है कि इस बार ये सात फेरे लेते हैं या फिर हर बार की तरह, इस बार भी ये खबर केवल अफवाह निकलेगी।


Click it and Unblock the Notifications