अली फज़ल ने राज & डीके की फैंटेसी पीरियड ड्रामा सीरीज़ रक्त ब्रह्मांड साइन करने का किया खुलासा

Ali Fazal Raj and DK- मशहूर अभिनेता अली फज़ल अपनी अब तक की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह राज & डीके द्वारा प्रोड्यूस और तुम्बाड फेम निर्देशक राही अनिल बर्वे द्वारा निर्देशित आगामी फैंटेसी पीरियड ड्रामा सीरीज़ रक्त ब्रह्मांड में नज़र आएंगे।
इस ग्रैंड प्रोजेक्ट में उनके साथ आदित्य रॉय कपूर, सामंथा रूथ प्रभु और वामीका गब्बी भी मुख्य भूमिकाओं में होंगे। यह सीरीज़ ऐतिहासिक घटनाओं और फैंटेसी का अनोखा मेल होगी, जो दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने वाली है।
इस भूमिका को पूरी तरह से अपनाने के लिए अली फज़ल कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं। वह रोज़ाना 6-7 घंटे वज़न प्रशिक्षण, उच्चारण (डिक्शन) सुधारने की क्लासेस और भारतीय पारंपरिक मार्शल आर्ट्स की गहन ट्रेनिंग में बिता रहे हैं। इसके अलावा, अपने किरदार के लुक को वास्तविक बनाने के लिए उन्होंने पूरे 8 महीने तक अपने बाल भी बढ़ाए हैं।
अपने इस परिवर्तन के बारे में बात करते हुए अली फज़ल ने कहा, "रक्त ब्रह्मांड साइन करना मेरे लिए एक आसान फैसला था क्योंकि यह मेरी अब तक की सबसे अलग और अनोखी भूमिका है। इस प्रोजेक्ट का स्केल, गहराई और विज़न बेहद शानदार है। लेकिन इतनी बड़ी भूमिका के साथ ज़िम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी होती है।
मैं पहले दिन से जानता था कि इस किरदार के लिए मुझे शारीरिक और मानसिक रूप से ज़बरदस्त मेहनत करनी होगी। पिछले कई महीनों से मैं रोज़ाना 6-7 घंटे ट्रेनिंग कर रहा हूं-फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन के लिए वर्कआउट, संवादों पर पकड़ के लिए डिक्शन क्लासेस और मार्शल आर्ट्स सीख रहा हूं ताकि मेरे एक्शन सीक्वेंस बिल्कुल असली लगें।
किरदार के लुक के लिए मैंने पूरे एक साल तक अपने बाल बढ़ाए, यह मेरे लिए सिर्फ लुक का हिस्सा नहीं था बल्कि इस किरदार की आत्मा को अपनाने का एक ज़रिया था। यह सफर बेहद कठिन लेकिन उतना ही संतोषजनक भी रहा है। मुझे इंतेज़ार है कि दर्शक रक्त ब्रह्मांड की इस अनोखी दुनिया को देखें।"
फिलहाल, इस सीरीज़ की शूटिंग मुंबई के विभिन्न स्टूडियो लोकेशनों पर ज़ोरों से चल रही है, और अली फज़ल पूरी तरह से इस प्रोजेक्ट को समर्पित हैं।


Click it and Unblock the Notifications