'गली गली चोर है' से परेशान हुए अक्षय खन्ना
बढ़ते भ्रष्टाचार पर जनता की नाराजगी से फिल्म अभिनेता अक्षय खन्ना खुद को अच्छी तरह वाकिफ बताते हैं। मगर उन्हें अपनी अगली फिल्म गली गली चोर है को गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के व्यापक असर से जोड़कर देखा जाना कतई पसंद नहीं है।
अपनी फिल्म को प्रमोट करने में लगे अक्षय खन्ना का कहना है कि हजारे ने भ्रष्टाचार के गंभीर मुद्दे पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन छेड़ रखा है। मैं अपनी फिल्म गली गली चोर है की तुलना इस बड़े आंदोलन से किसी भी रूप में नहीं करना चाहता।
उन्होंने कहा, मैं जानता हूं कि देश का हर आदमी भ्रष्टाचार से नाराज है, लेकिन मेरी यह फिल्म केवल भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि तंत्र की तमाम गड़बडि़यों पर आधारित है, जिनसे आम आदमी जूझ रहा है। अक्षय ने हालांकि कहा, यह सामाजिक नहीं, बल्कि मनोरंजक फिल्म है।
इस फिल्म में एक गंभीर मुद्दे को मजाकिया तरीके से उठाया गया है और आम आदमी की मुश्किलों को हास्य व्यंग्य के जरिये बयान करने की कोशिश की गयी है। इस बीच, फिल्म गली गली चोर है के निर्देशक रूमी जाफरी ने भी यह बात खारिज की कि इस बॉलीवुड फिल्म के जरिये हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के व्यापक असर को भुनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, हमने इस फिल्म की पटकथा हजारे के आंदोलन से पहले ही लिख ली थी।


Click it and Unblock the Notifications