100 करोड़ की फीस लेने के बाद भी अक्षय कुमार ने छोड़ दी ये कॉमेडी फिल्म
कोरोना काल के बाद बॉलीवुड में तेज़ी से काम हो रहा है। और सबसे तेज़ काम चल रहा है अक्षय कुमार का। अक्षय कुमार लगातार अपने पुराने प्रोजेक्ट्स पूरे कर रहे हैं और नए साइन कर रहे हैं। फिलहाल उनके पास इतना काम है कि तारीखें नहीं हैं और इस वजह से कुछ काम छोड़ना पड़ रहा है। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट की मानें तो अक्षय कुमार, मुदस्सर अज़ीज़ की फिल्म छोड़ चुके हैं।
अक्षय कुमार की ये फिल्म मुदस्सर अज़ीज़ डायरेक्टर करने वाले थे और इसे जैकी भगनानी प्रोड्यूस कर रहे थे। फिल्म के लिए अक्षय कुमार ने 100 करोड़ से ऊपर की फीस भी तय की और उन्होंने फिल्म साईन कर ली।

लेकिन फिलहाल, अक्षय के पास दो साल तक की तारीखें फुल हैं। वहीं मुदस्सर अज़ीज़ की ये फिल्म इसी साल फ्लोर पर जानी थी। मुदस्सर अज़ीज़ इससे पहले हैप्पी भाग जाएगी, हैप्पी भाग जाएगी 2 और पति - पत्नी और वो जैसी कॉमेडी फिल्में बना चुके हैं।
वहीं बात करें अक्षय कुमार की तो फैन्स को उन्हें कॉमेडी फ्लेवर में देखे ज़माना हो चुका है। और ऐसे में एक हल्की फुल्की कॉमेडी उनकी फिल्मोग्राफी पर अच्छी लगती।
ये पहली बार नहीं है जब अक्षय ने कोई अच्छी फिल्म छोड़ी हो या फिर उन्हें छोड़नी पड़ी हो। ऐसी फिल्मों की भी पूरी एक लिस्ट है।

बाज़ीगर
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम आता है अब्बास मस्तान की फिल्म 'बाज़ीगर' का। हालांकि सबसे पहले इस फिल्म के लिए पहली पसंद थे सलमान खान, लेकिन सलमान ने इसके लिए मना कर दिया। फिर बाद में फिल्म के लिए अक्षय कुमार को अप्रोच किया गया और अक्षय ने ये सोचकर मना कर दिया कि नेगेटिव रोल उनपर सूट नहीं करेगा।

फूल और कांटे
अजय देवगन ने फूल और कांटे से डेब्यू किया था ये तो सब जानते हैं। लेकिन फूल और कांटे अक्षय कुमार की फिल्म थी।अक्षय का कहना है कि आज रात तक मैं फिल्म में पक्का था और फिर अगले दिन अजय देवगन शूटिंग करने लगे। मुझे बिना बताए निकाल दिया गया। लेकिन अजय देवगन का कहना है कि मुझे नहीं पता क्या सच है।

रेस
इसके बाद अगला नाम आता है सुपरहिट फिल्म रेस का। जी हां..अक्षय कुमार ने इस फिल्म को भी रिजेक्ट किया था। इसे भी अब्बास मस्तान ने ही निर्देशित किया था।

भाग मिल्खा भाग
इस फिल्म के लिए खुद मिल्खा सिंह चाहते थे कि अक्षय उनके किरदार को निभाएं लेकिन उन्होंने इसे रिजेक्ट कर दिया। राकेश ओम प्रकाश मेहरा भी बड़ी शिद्दत से अक्षय को इस फिल्म में चाहते थे।

कैरेक्टर ढीला
आपको शायद इस बात का पता ना हो कि सुपरहिट गाना अक्षय कुमार की फिल्म 'खट्टा मीठा' के लिए फिल्माने का सोचा गया था। लेकिन अक्षय ने ना सिर्फ इस गाने को अपनी फिल्म में शामिल करने से मना कर दिया बल्कि इस पर परफॉर्म करने से मना कर दिया।

हॉलीवुड फिल्म
सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं अक्षय कुमार हॉलीवुड की कुछ फिल्मों को भी रिजेक्ट कर चुके हैं। अक्षय को द रॉक यानि ड्वेन जॉनसन के साथ एक हॉलीवुड फिल्म का ऑफर मिला था लेकिन उन्होंने ठुकरा दिया।

मुग़ल
अक्षय कुमार ने भूषण कुमार की फिल्म मुग़ल, साईन करने के बाद छोड़ दी। फिल्म गुलशन कुमार पर बनने वाली बायोपिक थी। अक्षय को फिल्म की स्क्रिप्ट और अपनी फीस, दोनों से ही दिक्कत थी।

स्पेशल 26
नीरज पांडे की इस फिल्म की स्क्रिप्ट अक्षय कुमार ने पहली बार बिना पढ़े ही रिजेक्ट कर दी थी। हालांकि बस किस्मत से फिल्म दोबारा उनके पास पहुंच गई और उनका पूरा करियर पलट गया।

क्रैक
नीरज पांडे की क्रैक पर अक्षय कुमार बेबी के बाद से ही काम करना शुरू करने वाले थे। फिल्म का एलान भी हो चुका था लेकिन फिलहाल अब इस फिल्म के बारे में किसी के पास कोई अपडेट नहीं है।

जॉली एलएलबी 3
खबर थी कि सुभाष कपूर, जॉली एलएलबी 2 की सफलता के बाद पार्ट 3 के लिए वापस अक्षय कुमार के पास पहुंचे थे। इस बार अक्षय और अरशद दोनों ही फिल्म में नज़र आने वाले थे लेकिन फिलहाल तो फिल्म से अक्षय किनारा कर चुके हैं। इस फिल्म से शाहरूख खान का नाम भी जुड़ रहा था।


Click it and Unblock the Notifications











