मैं चाहता हूं मेरा बेटा फिल्मों से दूर रहेः अक्षय कुमार
अभिनेता से निर्माता बने अक्षय कुमार अपनी व्यस्त समय में से अपने 10 वर्षीय बेटे अरव के लिए समय निकाल ही लेते हैं। अक्षय चाहते हैं कि उनका बेटा फिल्मों से दूर रहे और सामान्य जीवन बिताए।
अक्षय ने कहा कि अरव अभी बहुत छोटा है। मैं अपने बेटे को फिल्मों से दूर रखना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि वह अपने बचपन को जीए। मैं चाहता हूं कि वह जाए और फुटबॉल खेले। समुद्र तट पर जाए और जीवन का आनंद ले।
अक्षय ने इस बात का खुलासा किया कि वह अनुशासित जीवन जीते हैं और अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद अपने नियम नहीं तोड़ते। उन्होंने कहा कि मैं पार्टियों में शामिल नहीं होता। मैं समझ नहीं पाता कि वे इतनी तेज आवाज में संगीत क्यों बजाते हैं। मैं जल्दी सोना पसंद करता हूं। मैं रात में नौ-साढ़े नौ बजे सोने चला जाता हूं और सुबह 4.30 बजे उठ जाता हूं।
अक्षय ने कहा कि ट्विंकल रात में 8.45 बजे सोती हैं और भगवान का शुक्र है कि उनमें और मुझमें केवल यही समानता है। जब आपका साथी भी उसी समय सोता है तो आपका जीवन बहुत शांत बन जाता है। हम दोनों में यह समानता है।
आपको बता दें कि इस साल प्रदर्शित होने जा रही अक्षय की पहली फिल्म 'हाउसफुल 2' है, जो 5 अप्रैल को रिलीज होगी।


Click it and Unblock the Notifications











