इरफान और फरहान की राह चले अक्षय, निभायेंगे दारा सिंह की भूमिका
मुंबई। 'भाग मिल्खा भाग' और 'पान सिंह तोमर' जैसी फिल्मों की सफलता के बाद अब बॉलीवुड में रियल लाइफ हीरो पर फिल्में बनाने का एक दौर शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में अब रेसलर दारा सिंह पर भी फिल्म बनाने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में अभिनेता अक्षय कुमार, स्वर्गीय दारा सिंह की भूमिका निभा रहे हैं।
इसके बारे में दारा सिंह के बेटे बिंदू सिंह ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के बारे में निर्देशक रोहित जुगराज ने मुझसे संपर्क किया है। मैं खुश हूं कि उन पर एक फिल्म बनायी जा रही है। यह एक संयोग ही है कि दारा सिंह पर इस समय एक और फिल्म, पंजाबी भाषा में बनायी जा रही है।
रियल लाइफ हीरो की फिल्मों को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। 'पान सिंह तोमर' को मिले नेशनल अवार्ड के बाद अब इस तरह की फिल्मों का सिलसिला चल निकला हैं। भाग मिल्खा.. को भी नेशनल अवार्ड देने की बात की जा रही है। इस फिल्म में फरहान अख्तर ने मिल्खा सिंह की भूमिका निभाई है। फिल्म के निर्देशक राकेश ओम प्रकाश मेहरा थे।
इसके अलावा अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भी बॉक्सर 'मैरी कॉम' के जीवन पर आधारित फिल्म में काम कर रही हैं। मैरी कॉम ने भारत के लिए लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीता था, इसके अलावा वह पांच बार विश्व चैम्पियन भी रह चुकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications











