Akshay Kumar: फैमिली के साथ पार्टी नहीं, इस साल अपने जन्मदिन पर अक्षय कुमार करने वाले हैं ये काम!

Akshay Kumar Birthday: अक्षय कुमार बॉलीवुड के सबसे व्यस्त अभिनेताओं में से एक माने जाते हैं। जो एक साल में तीन से चार फिल्में रिलीज कर देते हैं। अपनी हालिया फिल्म ओएमजी 2 की सफलता को एन्जॉय करते हुए, एक्टर ने अपनी दूसरी फिल्मों की शूटिंग भी शुरु कर दी है।
वह फिलहाल लखनऊ शहर में अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म स्काई फोर्स की शूटिंग में व्यस्त हैं। हालांकि हमें पता चला है कि अभिनेता, जिनका जन्मदिन 9 सितंबर को पड़ता है, अपना 56वां जन्मदिन मनाने के लिए छुट्टी नहीं लेंगे। आमतौर पर इस खास दिन को परिवार के साथ मनाते थे, लेकिन इस बार वह इस एक्शन-ड्रामा फिल्म के सेट पर कलाकारों और क्रू के साथ इस दिन को मनाएंगे।
भारतीय वायु सेना अधिकारी बनेंगे अक्षय कुमार
स्काई फोर्स में अक्षय कुमार भारतीय वायु सेना अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं। ये फिल्म कथित तौर पर वास्तविक जीवन की घटनाओं पर आधारित है। अभिषेक कपूर और संदीप केलवानी द्वारा निर्देशित, यह फिल्म दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सारा अली खान और निम्रत कौर हैं।
परिवार के साथ जन्मदिन नहीं मनाएंगे अक्षय कुमार
अक्षय कुमार की जन्मदिन से जुड़ी जानकारी का खुलासा करते हुए, एक सूत्र ने हमें बताया, "अक्षय कुमार फिलहाल अपनी फिल्म स्काई फोर्स की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस बार अपने जन्मदिन पर, वह छुट्टी पर जाने के लिए समय नहीं निकालेंगे। वह लखनऊ में इंटेंस शूटिंग में व्यस्त रहेंगे। हर साल, अक्षय अपना जन्मदिन लंदन में अपने परिवार के साथ बिताना पसंद करते हैं। लेकिन इस साल उनका कामकाजी जन्मदिन होगा।"
बता दें, स्काई फोर्स समेत फिलहाल अक्षय कुमार के पास एक, दो नहीं, बल्कि पूरी छह फिल्में हैं, जो 2023-2024 में रिलीज होने वाली हैं। इन फिल्मों में शामिल है- द ग्रेट इंडियन रेस्क्यू, बड़े मियां छोटे मियां, सोरारई पोट्रू रीमेक, हेरा फेरी 3, हाउसफुल 5 और वेलकम टू द जंगल। देखना दिलचस्प होगा कि क्या इन फिल्मों से अक्षय एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा पाएंगे!


Click it and Unblock the Notifications











