2022 में आने वाली फिल्मों से अक्षय कुमार की 2000 करोड़ की कमाई? एक्टर ने प्रेडिक्शन पर दिया रिएक्शन
लगातार दो सालों तक चुनिंदा फिल्में रिलीज के बाद, अब पूरी फिल्म इंडस्ट्री को साल 2022 का बेसब्री से इंतजार है। अगले साल एक के बाद एक सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों की लाइन लगी है। एक- एक हफ्ते में दो से तीन फिल्में आ रही हैं। वहीं, इस लिस्ट में 4 फिल्मों के साथ शामिल हैं अक्षय कुमार।
2022 में आने वाली फिल्मों को देखते हुए ट्रेड एनालिस्ट्स ने प्रेडिक्ट किया है कि अक्षय कुमार की आने वाली फिल्में थियेट्रिकल, स्ट्रीमिंग और सैटेलाइट राइट्स से 2000 करोड़ तक की कमाई करेगी। इस भविष्यवाणी पर अब अक्षय कुमार ने प्रतिक्रिया दी है।

वैराइटी के साथ एक इंटरव्यू में, अक्षय को 2022 में उनकी फिल्मों की कमाई लगभग ₹2000 करोड़ आंकी गई व्यापार अनुमानों के बारे में बताया गया था.. जिस पर अभिनेता ने रिएक्ट करते हुए कहा, "वाह, आपने गणित को मुझसे ज्यादा तेजी से हल किया है! मुझे इस तरह के प्रोजेक्शन पर बहुत गर्व है और मुझे लगता है कि यह इस आंकड़े का प्रमाण है कि शैली, कहानियां और चरित्र हमेशा किंग होते हैं, "उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे कहा, "जबकि मैं 2022 के लिए उत्साहित हूं, मुझे लगता है कि अगर इन पिछले दो वर्षों ने हमें कुछ भी सिखाया है तो यह कुछ भी बैंकेबल नहीं है।"
बता दें, इस साल रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी ने बॉक्स ऑफिस पर 195 करोड़ तक का कलेक्शन किया है। जबकि फिल्म सीमित ऑक्यूपेंसी के साथ रिलीज हुई थी। लिहाजा, 2022 में एक्टर की फिल्मों से धुआंधार कमाई की उम्मीद है।

2022 में अक्षय कुमार की रिलीज
अक्षय कुमार की 4 फिल्में साल 2022 में रिलीज हो रही हैं। जनवरी में 'पृथ्वीराज' से लेकर दिवाली में 'राम सेतु' तक, अगले साल वह 4 बिल्कुल अलग- अलग तरह की फिल्मों के साथ आ रहे हैं।

पृथ्वीराज
रिलीज डेट- 21 जनवरी 2022
निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी की फिल्म पृथ्वीराज 21 जनवरी 2022 यानि गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होने के लिए शेड्यूल है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिखेंगी पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर। फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं आदित्य चोपड़ा। इस फिल्म से शानदार बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है।

बच्चन पांडे
रिलीज डेट - 4 मार्च 2022
वहीं, बच्चन पांडे 4 मार्च 2022 को रिलीज होने वाली है। फिल्म के निर्माता हैं साजिद नाडियाडवाला, जबकि डाइरेक्ट कर रहे हैं फरहाद सामजी। फिल्म में अक्षय के साथ दिखेंगी कृति सैनन, जैकलीन, अरशद वारसी और पंकज त्रिपाठी।

रक्षाबंधन
रिलीज डेट- 11 अगस्त 2022
आनंद एल राय के निर्देशन में बनने वाली यह इमोशनल ड्रामा फिल्म 11 अगस्त को आएगी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ भूमि पेडनेकर की जोड़ी दिखेगी। इस फिल्म को हिमांशु शर्मा ने लिखा है। जबकि आनंद एल राय और अक्षय कुमार की बहन अलका इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
यह 11 अगस्त को प्रभाष स्टारर फिल्म 'आदिपुरूष' से क्लैश कर रही है। जाहिर है इससे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन प्रभावित होगा।

राम सेतु
रिलीज डेट - दिवाली 2022
राम सेतु के निर्देशक हैं अभिषेक शर्मा और क्रिएटिव निर्माता हैं डॉ चंद्रप्रकाश द्विवेदी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिखेंगी जैकलीन फर्नाडीज़ और नुसरत भरूचा। दिवाली पर रिलीज होने वाली ये फिल्म अक्षय कुमार के सारे बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

फेस्टिव रिलीज डेट्स लॉक
कोई शक नहीं कि इन चार फिल्मों के साथ अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने वाले हैं। ये सभी फिल्में किसी ना किसी फेस्टिव डेट्स पर रिलीज होने वाली हैं। दिवाली, गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, स्वतंत्रता दिवस.. सभी बड़े डेट्स को अक्षय कुमार लॉक कर चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications











