'बेल बॉटम' टीम के साथ अक्षय कुमार ने शुरु की अपनी अगली फिल्म, एक साइकोलॉजिकल एक्शन थ्रिलर
बेल बॉटम की रिलीज के साथ ही अक्षय कुमार अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरु करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। 20 अगस्त से सुपरस्टार बेल बॉटम के डायरेक्टर रंजीत तिवारी के साथ लंदन में फिल्म की शूटिंग शुरु करेंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का नाम है सिंड्रेला। इसमें अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगी रकुल प्रीत सिंह।
ये एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अक्षय एक बाल तस्करी रैकेट का पता लगाते हैं, जिसका नाम है 'सिंड्रेला'। लिहाजा, फिल्म का नाम इसी पर रखा गया है। प्रोड्यूसर्स ने 'सिंड्रेला' और 'मिशन सिंड्रेला' जैसे टाइटल एसोसिएशन के पास रजिस्टर्ड करवाए हैं..

खास बात है कि इस फिल्म के साथ अक्षय कुमार ने बेल बॉटम के मेकर्स जैकी भगनानी और पूजा एंटरटेनमेंट के साथ एक बार फिर हाथ मिलाया है। जैकी भगनानी ने अक्षय कुमार के साथ दोबारा काम करने को लेकर खुशी जाहिर की है और अभिनेता को धन्यवाद कहा है।
अक्षय कुमार पूरी टीम के साथ इंग्लैंड पहुंच चुके हैं और 6 दिनों का क्वांरटीन भी पूरा कर लिया है। एक्टर वहां 'बेल बॉटम' की एक स्पेशल स्क्रीकिंग भी करवाने वाले हैं और फिर उसके बाद शुरु होगी सिंड्रेला।


Click it and Unblock the Notifications