100 करोड़ क्लब में शामिल 'हाउसफुल 4' - अक्षय कुमार ने फैंस को कहा- बहुत बहुत शुक्रिया
फिल्म हाउसफुल 4 ने बॉक्स ऑफिस पर भले ही एवरेज शुरुआत की थी। लेकिन चौथे और पांचवे दिन फिल्म ने ऐसी धमाकेदार कमाई की, जिसे देख सभी हैरान रह गए। 5 दिनों में फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म को मिली प्रतिक्रिया के बाद अक्षय कुमार ने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए एक ट्विट किया है।
अक्षय ने ट्विट करते हुए लिखा, 'हमें प्यार करने और हमारे साथ हंसने के लिए आप सभी का बहुत शुक्रिया। आज हम जहां भी हैं वह आप सभी के प्यार की वजह से हैं। मैं अपने उन फैंस और दर्शकों का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने बिना किसी शर्त 'हाउसफुल 4' को इतना प्यार दिया। हमें यह दिखाने के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया कि इस दुनिया में नफरत को सिर्फ प्यार से ही हराया जा सकता है।'

गौरतलब है कि हाउसफुल ने ओपनिंग वीकेंड पर काफी धीमी कमाई की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया था कि जानबूझकर फिल्म की निगेटिव पब्लिसिटी करवाई जा रही है, साथ ही फिल्म के गलत बॉक्स ऑफिस आंकड़े ट्रेंड हो रहे हैं। फिल्म के आंकड़े को देखकर बताया जा रहा था कि फिल्म को देखने के लिए थियेटर में ज्यादा लोग नहीं जा रहे हैं।
खैर, 5 दिनों में 100 करोड़ की कमाई के साथ ही यह बात सबके सामने आ चुकी है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को भले ही समीक्षकों से मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन आम पब्लिक फिल्म पसंद कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications