अक्षय कुमार के बेल बॉटम ट्रेलर से लग चुकी हैं फैन्स की उम्मीदें - बस ब्लॉकबस्टर ठप्पा लगाने की है देरी
अक्षय कुमार, वाणी कपूर, हुमा कुरैशी, लारा दत्ता स्टारर बेल बॉटम ट्रेलर, 3 अगस्त को रिलीज़ हो रहा है। फिल्म को डायरेक्ट किया है रंजीत तिवारी ने और इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं वाशु भगनानी, जैकी भगनानी, मोनिशा आडवाणी और निखिल आडवाणी। फिल्म के ट्रेलर से फैन्स को काफी उम्मीदे हैं। बेल बॉटम, 80 के दशक के एक जासूस की कहानी है जो देश में हो रही एक के बाद एक हाईजैकिंग की गुत्थी सुलझाता है।
बेल बॉटम का प्लॉट सच्ची घटनाओं पर आधारित है। दरअसल, 80 के दशक में इंदिरा गांधी की सरकार के दौरान की कहानी है। इस समय देश में एक के बाद एक कई प्लेन हाईजैक हुए थे। अक्षय कुमार फिल्म में एक जासूस की भूमिका में दिखाई देंगे जो देश के इन हाईजैक की समस्या का कारण और समाधान ढूंढने की कोशिश करेगा।

फिल्म के साथ जहां फैन्स को काफी समय बाद एक ए लिस्ट स्टार से इंटरनेटमेंट मिलेगा वहीं दूसरी तरफ इंडस्ट्री को भी फिल्म से काफी उम्मीदें है। अक्षय कुमार पहले स्टार होंगे जो कोरोना काल के बाद अपनी फिल्म लेकर थिएटर पहुंचेंगे। ऐसे में उनके प्रदर्शन से ही आगे की फिल्मों का रास्ता तय होगा। लेकिन फिल्म तक दर्शक पहुंचेंगे या नहीं ये फिल्म का ट्रेलर ही तय कर देगा।
बेल बॉटम के ट्रेलर से दर्शकों का काफी ज़्यादा उम्मीदें हैं क्योंकि फिल्म का टीज़र, पहले ही फैन्स को काफी पसंद आ चुका है। इस टीज़र ने रिलीज़ होते ही 24 घंटों के अंदर, 25 मिलियन व्यूज़ कमाकर हर किसी को चौंका दिया था। जानिए अब ट्रेलर से दर्शकों को क्या उम्मीदें हैं।

शानदार पीरियड फिल्म
बेल बॉटम, 80 के दशक के टाईम ज़ोन पर बनी एक फिल्म है। फिल्म के सभी पोस्टर में अक्षय कुमार, उसी हिसाब से कॉस्ट्यूम पहने नज़र आए हैं। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प होगा कि फिल्म में 80 के दशक के सेट किस तरह बनाए गए हैं और उनका इस्तेमाल कितने शानदार तरीके से किया जाता है। क्योंकि देखा जाए तो ये एक पीरियड फिल्म है लेकिन अगर फिल्म का ट्रेलर ही आपको 80 के दशक की झलक नहीं दिखा पाया तो फिल्म रिलीज़ से पहले ही कुछ दर्शकों को निराश कर सकती है।

सस्पेंस से भरपूर
फिल्म एक जासूस की कहानी है। अब अगर आप शरलॉक होम्स की कहानियां पढ़कर बड़े हुए हैं या फिर ब्योमकेश बख्शी के साथ उनके केस सुलझाते हुए बड़े हुए हैं तो आपकी सस्पेंस की समझ बेहतरीन है। ऐसे में एक कमज़ोर सस्पेंस फिल्म में किसी की भी दिलचस्पी ना के बराबर होगी। फिल्म के ट्रेलर में ही अगर इसके सस्पेंस में दर्शकों को उलझा दिया गया तो ये ट्रेलर निश्चित रूप से अक्षय कुमार फैन्स और सस्पेंस फिल्मों के फैन्स को थिएटर तक खींच कर ले जाएगा।

अक्षय कुमार और देशभक्ति
अब तक फिल्म के बारे में जितनी भी बातें सामने आई हैं, उनसे एक बात तो साफ है कि फिल्म में अक्षय कुमार की फिल्मों वाले सारे मसाले हैं। लेकिन सबसे ज़रूरी है स्वाद के लिए नमक यानि कि अक्षय कुमार और उनकी देशभक्ति। इसके बिना दर्शकों का भी गुज़ारा पिछले कुछ सालों में ज़रा मुश्किल हो गया है। अब एक जासूस को देशभक्त जासूस बनाने के लिए फिल्म की कहानी पर कितना काम किया है, इसकी झलक तो ट्रेलर में मिलनी ही चाहिए। खासतौर से तब जब फिल्म स्वतंत्रता दिवस के बाद के वीकेंड पर रिलीज़ हो रही हो।

नई जोड़ी की केमिस्ट्री
फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिखाई देंगी वाणी कपूर और हुमा कुरैशी। दोनों के किरदारों की केमिस्ट्री, अक्षय कुमार के साथ कैसी बैठती है इसकी झलक मिलना भी ज़रूरी है। वैसे तो अक्षय कुमार और हुमा कुरैशी, इससे पहले जॉली एलएलबी में साथ काम कर चुके हैं और दर्शक, उनकी जोड़ी को साथ में पसंद भी कर चुके हैं। लेकिन बेल बॉटम में अक्षय कुमार की ये दो सहयोगी फिल्म को कितना सपोर्ट करती हैं ये तो ट्रेलर में उन्हें कितनी जगह मिलती है, इसी बात से तय हो जाएगा।

लारा दत्ता का कमबैक
बेल बॉटम के साथ लारा दत्ता काफी समय बाद परदे पर वापसी कर रही हैं। दिलचस्प ये है कि लारा दत्ता ने अपने करियर की शुरूआत अक्षय कुमार के साथ अंदाज़ नाम की फिल्म से की थी। इसके बाद सिंह इज़ ब्लिंग में लारा दत्ता अक्षय कुमार के साथ कॉमेडी करती भी नज़र आ चुकी हैं। इस फिल्म में लारा दत्ता प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के किरदार में हैं और उनकी झलक के लिए फैन्स अभी से उत्साहित हैं।

शानदार डायलॉग्स
अक्षय कुमार की फिल्म हो और उसमें भारी डायलॉग्स ना हों तो मज़ा कैसे आएगा? बेबी से लेकर एयरलिफ्ट तक, राऊडी राठौर से लेकर गब्बर इज़ बैक तक, हेरा फेरी से लेकर हाउसफुल तक, अक्षय कुमार की कोई भी फिल्म बिना उनकी पंचलाईन के अधूरी है। अब ट्रेलर में एक - आधा डायलॉग की झलक के बिना फिल्म का माहौल कैसे बनेगा भला ?

ना निकले रीमेक
अक्षय कुमार और बेल बॉटम की टीम पहले ही ये दावा कर चुकी है कि ये फिल्म, इसी नाम की कन्नड़ फिल्म - बेल बॉटम: The Adventures of Detective Divakar की रीमेक नहीं है। लेकिन अफवाहों की मानें तो इन दो फिल्मों में अंतर केवल इतना सा है कि कन्नड़ फिल्म में देशभक्ति का असर नहीं था और हिंदी फिल्म में कूट कूट कर अक्षय कुमार की देशभक्ति परोसी जाएगी। देखना है कि कौन से दावे सही निकलते हैं। और ये बात ट्रेलर से ही साफ हो जाएगी।

एक और ब्लॉकबस्टर
अक्षय कुमार की फिल्म से उम्मीदें की जा रही हैं कि वो एक बार फिर से थिएटर में भीड़ वापस खींचेंगे। वैसे तो अक्षय कुमार की फिल्म क्या, ट्रेलर भी ब्लॉकबस्टर ही होते हैं। उनकी फिल्मों के ट्रेलर ही चीख चीख कर उनकी फिल्म पर ब्लॉकबस्टर का ठप्पा लगा देते हैं। ऐसे में अब फैन्स को इंतज़ार है तो अक्षय कुमार के एक और धमाकेदार कमबैक का। बस कुछ ही घंटों में हमारे साथ देखिए बेल बॉटम ट्रेलर।


Click it and Unblock the Notifications