अक्षय कुमार ने की हेरा फेरी 3 में वापसी, 22 साल पहले हेरा फेरी से मिली थी करियर की पहली ब्लॉकबस्टर
अक्षय कुमार आजकल अपनी फिल्म सम्राट पृथ्वीराज को लेकर काफी चर्चा में हैं। लेकिन अब उनके फैन्स के लिए एक अच्छी खबर है। रिपोर्ट्स की मानें तो अक्षय कुमार हेरा फेरी 3 के साथ वापसी कर रहे हैं। इस बात की पुष्टि की है खुद हेरा फेरी 3 के प्रोड्यूसर फिरोज़ नाडियाडवाला ने।
एक इंटरव्यू में फिरोज़ नाडियाडवाला ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि हेरा फेरी 3 के साथ अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी साथ में वापसी करेगी। अभी फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है और जल्दी ही फिल्म फ्लोर पर जाएगी। फिल्म का कलेवर वही रहेगा। फैन्स को जब से इस बात का पता चला है वो खुशी में फिल्म का पोस्टर भी बनाने लगे हैं।

फिरोज़ नाडियाडवाला ने बताया कि स्क्रिप्ट पर काफी बारीकी और ध्यान से काम करने की ज़रूरत है क्योंकि हेरा फेरी एक सफल ब्रांड है और वो फिल्म के तीसरे पार्ट को भी उतना ही बेहतर बनाना चाहते हैं जितना कि इसके पहले दो पार्ट थे। गौरतलब है कि पिछले साल भी एक इंटरव्यू में फिरोज़ नाडियाडवाला ने साफ किया था कि वो और भी हेरा फेरियों का प्लान कर रहे हैं और इन फिल्मों में ज़्यादा अंतर नहीं होगा। वो हेरा फेरी 2 और 3 के बीच इतने लंबे समय के अंतराल की भरपाई हेरा फेरी 3 और हेरा फेरी 4 के साथ करेंगे।

कई साल से बन रही हेरा फेरी 3
गौरतलब है कि हेरा फेरी 3 कई साल से बन रही है। कई बार अक्षय कुमार के साथ, कई बार उनके बिना। अक्षय कुमार की फीस इतनी बढ़ती गई कि हेरा फेरी में उन्हें शामिल करना प्रोड्यूसर के लिए नामुमकिन हो रहा था। इसके बाद अक्षय कुमार के बिना ही जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन के साथ हेरा फेरी 3 का ज़ोर शोर से अनाउंसमेंट किया गया। लेकिन ये फिल्म अनाउंस होने के बाद कभी शुरू ही नहीं हो पाई।

नीरज वोरा के साथ बननी थी फिल्म
इसके बाद खबर थी कि हेरा फेरी 3 में अक्षय कुमार की वापसी हो चुकी है और ये फिल्म नीरज वोरा डायरेक्ट कर रहे हैं। लेकिन नीरज के निधन के बाद एक बार फिर ये फिल्म डिब्बाबंद हो गई। फिर खबरें आईं कि इसे अहमद खान डायरेक्ट करेंगे लेकिन ये फिल्म कभी शुरू ही नहीं हो पाई। लेकिन अब फैन्स की लगातार डिमांड के बाद अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल एक बार फिर से इस फिल्म को साथ में करने के लिए लौट रहे हैं।

बदल गई थी किस्मत
गौरतलब है कि हेरा फेरी साल 2000 में रिलीज़ हुई थी और इस फिल्म के साथ अक्षय कुमार की किस्मत पलट गई थी। अक्षय कुमार को बॉलीवुड का कॉमेडी किंग कहा जाने लगा। हेरा फेरी को डायरेक्ट किया था प्रियदर्शन ने। इसके बाद अक्षय कुमार ने परेश रावल के साथ मिलकर ढेरों कॉमेडी फिल्म की जिनमें गरम मसाला, दे दना दन, भागम भाग, हे बेबी, वेलकम जैसी फिल्में शामिल थीं। ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रहीं।

बॉक्स ऑफिस पर पहली ब्लॉकबस्टर
हेरा फेरी का बजट था 7 करोड़ रूपये और इसने बॉक्स ऑफिस पर 12.5 करोड़ की कमाई की थी। इतना ही नहीं, फिल्म ने वर्ल्डवाईड 21 करोड़ की कमाई की थी और ये अक्षय कुमार के करियर की पहली कॉमेडी ब्लॉकबस्टर थी। इसके बाद अक्षय कुमार ने सुपरहिट फिल्मों की झड़ी लगा दी थी और बॉलीवुड के कॉमेडी किंग बन गए थे। यहां तक कि मुझसे शादी करोगी में सपोर्टिंग भूमिका के बावजूद लोगों को उनकी परफॉर्मेंस याद रह गई।

फिल्म की ओरिजिनल कास्ट
दिलचस्प है कि हेरा फेरी की असली कास्ट में सुनील शेट्टी नहीं थे। ये फिल्म अक्षय कुमार के साथ संजय दत्त को करनी थी लेकिन उसी दौरान, संजय दत्त को जेल जाना पड़ा। इसके बाद ये किरदार अजय देवगन को ऑफर हुआ लेकिन उन्हें अक्षय कुमार की तुलना में अपना रोल कमतर लगा और उन्होंने ये ऑफर ठुकरा दिया। आखिरकार फिल्म में सुनील शेट्टी की एंट्री हुई और बॉलीवुड को मिली राजू - श्याम और बाबू भईया की आईकॉनिक तिकड़ी।

फिर लौटी तिकड़ी
हेरा फेरी की सफलता के बाद ये तिकड़ी फिर हेरा फेरी करने लौटी 2006 में। इस फिल्म को डायरेक्ट किया था नीरज वोरा ने। इस फिल्म का बजट था 18 करोड़ रूपये और इसने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाईड 69 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म का गाना जुम्मे रात तो लोगों की ज़ुबान पर चढ़ गया था।

इंदर कुमार बनाएंगे पार्ट 3
हेरा फेरी का दूसरा भाग 2006 में रिलीज़ हुई थी। फिर हेरा फेरी और हेरा फेरी 3 के बीच इस नई फिल्म की स्टारकास्ट में कई बार अदला बदली हुई। जब हेरा फेरी 3 अनाउंस हुई तो अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम के साथ फिल्म में नाना पाटेकर भी थे। वहीं इस फिल्म को इंदर कुमार डायरेक्ट करने वाले थे। अब देखना है कि हेरा फेरी 3 के साथ फिल्म में क्या बदलता है और कौन कौन बदलता है।


Click it and Unblock the Notifications











