लटक गई अक्षय कुमार की पहली पीरियड ड्रामा पृथ्वीराज, 2022 में हाउसफुल हैं सभी फेस्टिवल रिलीज़ डेट
अक्षय कुमार स्टारर पृथ्वीराज 2022 में 26 जनवरी वीकेंड पर रिलीज़ होने वाली थी और जॉन अब्राहम की फिल्म अटैक के साथ क्लैश होने वाली थी। फैन्स इस क्लैश के लिए काफी उत्साहित भी थे। लेकिन दिसंबर में ही कोरोना के केस बढ़ने के साथ एक बार फिर कई राज्य आंशिक लॉकडाउन की ओर बढ़ गए। और पृथ्वीराज की रिलीज़ टाल दी गई।
अब सिनेमाघर एक बार फिर खुल चुके हैं और धड़ाधड़ फिल्मों की रिलीज़ डेट अनाउंस की जा रही है। लेकिन अक्षय कुमार की पृथ्वीराज दुविधा में पड़ चुकी है। दरअसल, फिल्म के लिए अब कोई ढंग की रिलीज़ डेट बिना क्लैश किए नज़र नहीं आ रही है। यशराज फिलम्स अपनी इस महत्त्वाकांक्षी फिल्म के लिए सोलो फेस्टिवल रिलीज़ प्लान कर रहा था।

लेकिन फिलहाल का रिलीज़ कैलेंडर तो यही बताता है कि अक्षय कुमार की फिल्म के लिए कोई अच्छी तारीख उपलब्ध नहीं है। आने वाले तीन महीनों में तो धड़ाधड़ हर शुक्रवार फिल्में रिलीज़ हो रही हैं। ऐसे में अक्षय कुमार की पृथ्वीराज को रिलीज़ करना केवल एक रिस्क ही साबित होगा।

दक्षिण फिल्मों से नहीं भिड़ना चाहते
जिस हिसाब से दक्षिण भारत की फिल्मों ने बॉलीवुड पर अपना कब्ज़ा जमाना शुरू किया है, यशराज फिल्म्स इस समय दक्षिण भारतीय फिल्मों से भिड़ने के मूड में बिल्कुल नहीं है। आने वाले कुछ समय में RRR, वलीमई, बीस्ट, केजीएफ 2, आचार्य जैसी फिल्में पूरी गर्मी तक छाई रहेगी, इस बात की गारंटी ट्रेड ले रहा है। ऐसे में अक्षय कुमार की पृथ्वीराज को रिलीज़ करना काफी बड़ा रिस्क साबित हो सकता है।

बच्चन पांडे की होली
इस समय अगर त्योहारों की बात करें तो होली पर बच्चन पांडे के साथ अक्षय कुमार परदे पर वापस लौटेंगे। बच्चन पांडे की रिलीज़ भी काफी समय से अटकी हुई है। ऐसे में साजिद नाडियाडवाला इस फिल्म की रिलीज़ के लिए आश्वस्त हैं। बच्चन पांडे की होली के एक हफ्ते बाद ही एस एस राजामौली की RRR दस्तक दे देगी। ऐसे में अक्षय कुमार को होली से कमाई के लिए एक हफ्ते का विंडो है। उसके बाद उन्हें बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त क्लैश का सामना करना पड़ेगा।

वैलेंटाईन हो सकती थी रिलीज़
वैलेंटाईन डे, अक्षय कुमार की फिल्म पृथ्वीराज के लिए एक ढंग की रिलीज़ डेट हो सकती थी। वैलेंटाईन डे पर जहां राजकुमार राव - भूमि पेडनेकर स्टारर बधाई दो थिएटर में आ रही है। वहीं दीपिका पादुकोण की गहराईयां अमेज़ॉन प्राईम पर। इसके एक हफ्ते बाद दस्तक दे रही हैं आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी। मार्च में भी हर हफ्ते एक रिलीज़ है जो अमिताभ बच्चन की झुंड से शुरू होकर 11 मार्च को प्रभास की राधेश्याम और फिर होली पर बच्चन पांडे तक पहुंचती। लेकिन इन सभी फिल्मों से पृथ्वीराज को ज़्यादा खतरा नहीं होता।

आमिर खान की बैसाखी
अप्रैल में आमिर खान बैसाखी पर आ रहे हैं और वो भी दक्षिण की फिल्मों के साथ क्लैश करेंगे। वहीं अप्रैल की शुरूआत होगी जॉन अब्राहम की अटैक और आर माधवन के रॉकेट्री क्लैश के साथ। कंगना रनौत की धाकड़ भी अप्रैल में ही अपनी रिलीज़ डेट पर टिकी हुई है। ऐसे में पृथ्वीराज के पास अप्रैल में अगर मौका है तो वो केवल 1 तारीख है। लेकिन 18 मार्च को उनकी फिल्म बच्चन पांडे रिलीज़ हो रही है। 15 दिनों के अंदर दो अक्षय कुमार फिल्म के लिए दर्शक भी तैयार नहीं होंगे।

ईद पर ट्रिपल क्लैश
अगली बड़ी तारीख होती है ईद 2022। लेकिन ईद पर पहले ही तीन फिल्में क्लैश कर रही हैं। पहली है अजय देवगन - अमिताभ बच्चन स्टारर रनवे 34 जिसे अजय देवगन डायरेक्ट कर रहे हैं और प्रोड्यूस भी कर रहे हैं। दूसरी फिल्म है टाईगर श्रॉफ स्टारर हीरोपंती 2 जिसे साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। और तीसरी फिल्म है राम चरण तेजा - चिरंजीवी स्टारर आचार्य।

फिल्मों से भरा हुआ है मई
मई में यूं तो कोई भी बड़ी फिल्म रिलीज़ नहीं हो रही है लेकिन फिर भी मई का कैलेंडर फिल्मों से भरा पड़ा है। इनमें आयुष्मान खुराना की अनेक, राजकुमार राव की हिट, सिद्धार्थ मल्होत्रा की मिशन मजनू और कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 शामिल है। दिलचस्प है कि मई, यंग सितारों के नाम है और ये सभी सितारे आजकल बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मज़बूती से बनाए रख रहे हैं। फिर भी अक्षय कुमार यहां पर पृथ्वीराज क्लैश की संभावना ढूंढ सकते हैं।

जून - जुलाई में भी संभावनाएं कम
जून - जुलाई में भी पृथ्वीराज की रिलीज़ की सोलो रिलीज़ की संभावनाएं कम हैं। इन दो महीनों में विकी कौशल की गोविंदा मेरा नाम, मैदान, डॉक्टर जी, जुग जुग जीयो, थैंक गॉड जैसी फिल्में रिलीज़ होंगी। वहीं रोहित शेट्टी 15 जुलाई को अपनी रणवीर सिंह फिल्म सर्कस के साथ दस्तक देंगे जिसके साथ और आसपास फिल्म क्लैश करना बड़ा रिस्क होगा।

अगस्त - सितंबर नामुमकिन है रिलीज़
अगस्त में जहां 15 अगस्त का वीकेंड आदिपुरूष और रक्षाबंधन के क्लैश को देखेगा वहीं इसके अगले हफ्ते विजय देवरकोंडा के बॉलीवुड डेब्यू लाईगर की तैयारी होगी। वैसे भी एक महीने में दो अक्षय कुमार फिल्में रिलीज़ करना बेवकूफी होगी। इसके बाद सितंबर में ब्रह्मास्त्र और विक्रम वेधा रीमेक की बारी होगी। इन दो फिल्मों के बीच के हफ्ते खाली हैं लेकिन यशराज फिल्म्स ये रिस्क नहीं उठाना चाहेगी।

दिवाली पर रामसेतु
कुल मिलाकर अक्षय कुमार को अगला बड़ा त्योहार मिलेगा दिवाली 2022 जहां पहले से ही उनकी फिल्म राम सेतु रिलीज़ हो रही है। इसके बाद नवंबर में तीन यंग सितारे फिर से बॉक्स ऑफिस पर धावा बोल देंगे - कार्तिक आर्यन शहज़ादा के साथ, सिद्धार्थ मल्होत्रा योद्धा के साथ और वरूण धवन भेड़िया के साथ। अगली बड़ी तारीख होगी क्रिसमस जिस पर टाईगर श्रॉफ गणपत के साथ आ रहे हैं।

रिस्क उठाएगा यशराज?
अब देखना है कि यशराज फिल्म्स पृथ्वीराज के साथ कोई रिस्क उठाकर इसे किसी फेस्टिवल पर रिलीज़ करता है या फिर बिना फेस्टिवल के। दोनों ही सूरतों में फिल्म को क्लैश होने से कोई नहीं रोक सकता है। इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं पिंजर फेम चंद्रप्रकाश द्विवेदी और फिल्म में अक्षय कुमार के अपोज़िट संयोगिता के रोल में नज़र आएंगी पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषि छिल्लर। ये अक्षय कुमार का पहला ऐतिहासिक पीरियड ड्रामा होगा जहां वो मशहूर शासक पृथ्वीराज चौहान की भूमिका में नज़र आएंगे।


Click it and Unblock the Notifications











